मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मिशन शक्ति 5.0 विशेष अभियान के द्वितीय चरण में विकास खंड बघरा में महिला कल्याण विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाकर भव्य कार्यक्रम किया गया है। इस कार्यक्रम में महिलाओं को सरकार की विभिन्न योजनाओं के संबंध में जानकारी देकर जागरूक किया गया है। विकास खंड बघरा में आयोजित कार्यक्रम मेेंं मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख गौरव पवार, जिला अध्यक्ष (भाजपा) सुधीर सैनी एवं महिला आयोग सदस्य सपना कश्यप उपस्थित रही।
प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद मुजफ्फरनगर में 19 मार्च से 30 मार्च 2026 तक मिशन शक्ति 5.0 विशेष अभियान के द्वितीय चरण का संचालन प्रारंभ किया गया है। इस अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त विकास खंडों, ग्राम पंचायतों, शहरी निकायों एवं पुलिस थानों के माध्यम से व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में विशेषज्ञ दत्तक ग्रहण अभिकरण की प्रबंधक रितु चौधरी द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, विधवा पेंशन, स्पॉन्सरशिप योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान, हेल्पलाइन 1098, दत्तक ग्रहण का ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया, पात्रता एवं आवश्यक दस्तावेजों के संबंध में भी विस्तार से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीण क्षेत्रों से आए जनमानस को योजनाओं का लाभ उठाने हेतु प्रेरित किया गया तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति जागरूक किया गया।







