मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


मुजफ्फरनगर में मंगलवार को 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीनेशन अभियान का विधिवत शुभारंभ किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा संयुक्त रूप से जिला महिला चिकित्सालय में किया गया।


मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला एक गंभीर एवं जानलेवा रोग है, जिससे बचाव के लिए एचपीवी वैक्सीन अत्यंत प्रभावी है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा यह टीकाकरण अभियान निःशुल्क चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य को सुरक्षित कर सकें।

नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपने संबोधन में कहा कि यह पहल बालिकाओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को इस टीकाकरण के लिए अवश्य लेकर आएं, ताकि भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव संभव हो सके।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षिका डॉ आभा शर्मा अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक कुमार, जिला सहायक प्रतिरक्षण अधिकारी प्रदीप शर्मा, हॉस्पिटल मैनेजर प्रियंका तोमर, मनोज, मदन कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा टीकाकरण प्रक्रिया का अवलोकन भी किया।
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी वैक्सीन के लाभ, इसके महत्व तथा संभावित दुष्प्रभावों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही यह भी बताया गया कि यह वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
जनपद में यह अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, जिसमें सभी पात्र बालिकाओं को कवर करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्कूलों एवं अन्य माध्यमों से भी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इस कार्यक्रम का लाभ उठा सकें।
स्वास्थ्य विभाग ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे इस जनहितकारी योजना में सक्रिय सहयोग करें एवं अपनी बेटियों को समय पर टीकाकरण हेतु प्रेरित करें।






