सहारनपुर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को शाकंभरी सिद्धपीठ पर पहुंचकर विकास परियोजनाओं को परखा। उन्होंने परियोजनाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। जल्द से जल्द परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश दिए। शाकंभरी पर्यटन क्षेत्र में और क्या बेहतर हो सकता है इसके लिए भी सुझाव मांगे। महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर पुख्ता बंदोबस्त करने के लिए कहा।


वहीं, 19 मार्च से लगने वाले चैत्र मेले की व्यवस्थाओं को भी परखा।मुख्यमंत्री के आगमन का समय 2:25 बजे थे। वह 3:40 पर पहुंचे। नागलमाफी गांव में हेलीपैड पर उतरकर उन्होंने सिद्धपीठ के आसपास के क्षेत्र में लगभग 100 करोड़ की लागत से चल रहे निर्माण कार्यों को देखा। जिला पंचायत गेट के पास निर्माणाधीन इमारत में समीक्षा बैठक की गई। इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि पर्यटन सुविधा केंद्र का काम करीब 65 प्रतिशत, ओपन एयर थिएटर 70 प्रतिशत, मल्टी लेवल कार पार्किंग 30 प्रतिशत, टॉयलेट ब्लॉक पब्लिक सोवियर शॉप शत-प्रतिशत, शाकंभरी देवी पदयात्रा मार्ग सुदृढ़ीकरण 85 प्रतिशत, शाकंभरी द्वार कॉम्प्लेक्स 70 प्रतिशत और साइनेज स्थापना कार्य 25 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इसके अलावा शाकंभरी देवी पदयात्रा प्रकाश व्यवस्था 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुके हैं। जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिए कि यहां पर साफ-सफाई और लाइटिंग की व्यवस्था मजबूत की जाए। सीएम ने निर्देश दिए कि जो परियोजनाएं अक्तूबर तक पूरी होनी हैं, उन पर गंभीरता से काम करें, जिससे वह समय से पूरी हो जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाहर से आने वाली महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त हो। एंटी रोमियो स्क्वाॅड की ड्यूटी लगाई जाए। यहां पर जिन महिला पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी उनके रहने का भी इंतजाम किया जाए। समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने मंदिर में पहुंचकर मां शाकंभरी की पूजा अर्चना की। शाम 5:04 मिनट पर उनका हेलीकॉप्टर यहां से रवाना हो गया।47 करोड़ की लागत से तैयार होंगे दो एलिवेटेड पुल
सिद्धपीठ परिक्षेत्र में भूरादेव से माता शाकंभरी मंदिर तक श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम बनाने के लिए 47 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले दो एलिवेटेड पुल और तीन एप्रोच रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। यहां कुल 1047 मीटर निर्माण में दो एलिवेटेड पुल और तीन एप्रोच रोड बनाई जाएंगी। भूरादेव मंदिर से एप्रोच रोड शुरू होगी और नदी के पहले बहाव के ऊपर माता के पहले द्वार के पास कुएं तक 180 मीटर लंबा एलिवेटेड पुल बन रहा है यहां से एप्रोच रोड शुरू होगी, जो आमवाला तक बनेगी। वहां से आगे 180 मीटर का ही दूसरा एलिवेटेड पुल भी बन रहा है जो रैन बसेरा तक बनेगा। इस पुल से फिर मंदिर तक एप्रोच रोड का निर्माण किया जाएगा। 360 मीटर के दो पुल तथा 687 मीटर की तीन एप्रोच रोड बनाई जाएंगी। पुल की ऊंचाई नदी तल से लगभग चार मीटर होगी,जिसमें 14 कुएं बनाए जाएंगे। पुल की चौड़ाई 7.5 मीटर रहेगी।
पर्यटन के लिहाज से यह हो रहे निर्माण कार्य
– पदयात्रा सुदृढ़ीकरण एवं पर्यटन सुविधाओं के विकास कार्य- 1600.86 लाख
– टायलेट ब्लाॅक एवं सोविनयर शाॅप का निर्माण- 343.84 लाख
– ओपन थिएटर के निर्माण कार्य- 193.05 लाख
– लैंडस्केपिंग, फुटपाथ, म्यूरल स्कल्पचर्स वाटर फाउंटेन, बाउंड्रीवाल- 331.93 लाख
– राही पर्यटक आवास गृह- 2104.49 लाख
– पार्किंग स्थल निर्माण- 1800.24 लाख
– टीएफसी के निर्माण कार्य- 2216.93 लाख
– पर्यटन सुविधाओं के सृजन कार्य- 901.31 लाख
– मार्ग प्रकाश व्यवस्था कार्य- 281.02 लाख
– शक्तिपीठ में प्रवेश द्वार कॉम्प्लेक्स के निर्माण कार्य- 384.92 लाख
– शक्तिपीठ में साइनेज की स्थापना- 197.36 लाख






