मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका ने बोर्ड बैठक कराने के लिए अपनी तैयारी पूर्ण कर ली है। शनिवार को पालिका के सभागार में सुबह 11 बजे बोर्ड बैठक होने जा रही है। इस बोर्ड बैठक में करोडों रुपए के प्रस्ताव पर स्वीकृति की मोहर लगेगी। वहीं 290 करोड की आय और 486 करोड अनुमानित व्यय मूल बजट भी पास होगा। इसके अलावा बैठक में 76.32 करोड के 339 निर्माण कार्य, 1.32 करोड की पानी की पाइप लाइन, अटल चौक, शहीद अब्दुल हमीद चौक का प्रस्ताव व पथ प्रकाश के प्रस्ताव पर मंथन होगा।
नगर पालिका के सभागार में शनिवार को होने जा रही बोर्ड बैठक के एजेंडे में करीब 159 प्रस्ताव रखे गए है। बोर्ड बैठक का एजेंडा सभी सभासदों को भेजा गया है। बोर्ड बैठक के एजेंडे में वार्षिक बजट का विशेष प्रस्ताव रखा गया है। लेखा विभाग द्वारा तैयार आंकड़ों के अनुसार नगर पालिका के कोष में 2,66,78,87,900 रुपए अवशेष है। वर्ष 2026-27 के लिए नगर पालिका ने 2,90,34,90,000 रुपए की अनुमानित आय को दर्शाया है। नगर पालिका के कोष में 5,57,13,77,900 रुपए की धनराशि हो जाएगी। पालिका ने वर्ष 2026-27 में 4,86,76,00,000 रुपए अनुमानित व्यय होना दर्शाया है। इस अनुमानित व्यय के बाद नगर पालिका के कोष में 70,37,77,900 रुपए अनुमानित अवशेष रह जाएगा। बैठक में प्रस्ताव संख्या 913 में मीनाक्षी चौक का नाम बदलकर अटल चौक करने व मीनाक्षी चौक से शिव चौक जाने वाले रास्ते का नाम अटल मार्ग करने का रखा गया है। वहीं शहर का मख्य चौराहा सुजडू चौक का नाम बदलकर अमर शहीद परवीर चक्र विजेता सैनिक वीर अब्दुल हमीद चौक रखने को लेकर प्रस्ताव संख्या 914 रखा गया है। इन दोनों महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर भी मंथन होगा।







