मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


जिला पंचायत के सभागार में आयोजित किसान दिवस में प्रदूषण को लेकर जमकर हंगामा हुआ है। किसानों ने कहा कि फैक्ट्रियों में किसी भी कीमत पर कचरा नहीं देने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि अधिकारी आरडीएफ और कचरे में पहचाल नहीं कर सकते है तो ऐसे अधिकारियों को नौकरी छोड देनी चाहिए। गांव मखियाली निवासी किसान ने कहा कि फैक्ट्रियों के प्रदूषण से हवा और पानी खराब हो चुका है। गांव में कैंसर के मरीज बढते जा रहे है। किसान जितेन्द्र कुमार ने कहा कि उन्हें भी कैंसर है। यही हाल रहा तो शीघ्र गांव से पलायन करना मजबूरी बन जाएगा।
जिला पंचायत के सभागार में एडीएम प्रशासन संजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित किया गया है। किसान दिवस में टूटी सड़क, पानी की निकासी, वायू प्रदूषण, साफ, बिजली, स्मार्ट आदि मामले छाए रहे। वातावरण को प्रदूषित कर वायु प्रदूषण को बढावा दे रही फैक्ट्रियों पर कडी कार्रवाई न होने पर किसानों में काफी रोष है। गांव मखियाली निवासी किसान जितेन्द्र कुमार ने बताया कि भोपा रोड पर स्थित फैक्ट्रियों से बुरा हाल बना हुआ है। वायु प्रदूषण इतना अधिक है कि मकान की छत भी काली हो गई है। वहीं पीने का पानी भी खराब हो गया है। उन्होंने बताया कि उनके हैंडपम्प का 1100 टीडीएस है। जिस कारण वह बाहर से पानी का कैम्पर मंगा रहे है। उन्होंने बताया कि प्रदूषण के कारण कैंसर की बीमारी बढ रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2019 में कैंसर के कारण उनके पिता राजेन्द्र सिंह की मौत हो गई है। उनके चाचा उमेन्द्र सिंह को भी कैंसर है। वही वह स्वयं भी कैंसर की बीमारी से पीडित है। उन्होंने बताया कि गांव में करीब 40 से 50 लोग कैंस की बीमारी से पीडित है। वहीं करीब 15 से अधिक लोगों की मौत हो गई है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदूषण का समाधान नहीं हुआ तो मजबूरी में गांव से पलायन करना पडेगा। किसानों ने टूटी सड़कों की मरम्मत कराने के लिए कहा है। वहीं स्मार्ट मीटर का जमकर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता की सहमति के बिना स्मार्ट मीटर नहीं लगाया जाए। किसानों ने कहा कि हाइवे पर स्थित सभी पुलों पर लाइटों की अच्छी व्यवस्था होनी चाहिए। महिला किसान सोनिया सैनी ने कहा कि महिला किसानों को कृषि से संबंधित सभी योजनाओं की जानकारी देनी चाहिए। इस दौरान भाकियू जिला अध्यक्ष नवीन राठी, नीरज पहलवान, सुमित चौधरी, मोनू प्रधान, राजवीर, रमेश, राजकुमार, सुरेन्द्र, राजेश, वीरेन्द्र, विनोद, कुलदीप, सोमपाल, जिला कृषि अधिकारी राहुल तेवतिया, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जितेन्द्र कुमार, एसई रवि अग्रवाल आदि अधिकारी मौजूद रहे।







