मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका प्रशासन ने राजस्व वसूली के लिए बडे बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। नगर पालिका ने आठ सरकारी विभागों को हाउस और वॉटर टैक्स जमा करने के लिए नोटिस भेजा है। इन विभागों पर करीब 5.81 करोड रुपए का हाउस और वॉटर टैक्स बकाया है। सबसे अधिक कर मंडी समिति और पुलिस लाइन पर बताया जा रहा है।
शासन ने नगर पालिका के राजस्व वसूली में बढोत्तरी की है। अब नगर पालिका को 31 मार्च 2026 तक करीब 13.80 करोड रुपए की राजस्व वसूली करनी है। यह लक्ष्य शासन स्तर से निर्धारित किया गया है। नगर पालिका ने अभी तक 56 प्रतिशत वसूली की है। मंडी समिति पर करीब 3.86 करोड, पुलिस लाइन पर 98 लाख, विकास भवन पर 35 लाख, आयकर पर 70 हजार, तहसील सदर पर 19 लाख, जिला अस्पताल पर 32.50 लाख, लोक निर्माण विभाग पर 9 लाख और तहसील के रिकार्ड रूम पर 1.20 लाख रुपए हाउस और वॉटर टैक्स बकाया है। इन विभागों को नगर पालिका की ओर से नोटिस जारी किया गया है। उधर एसएसपी ने अपनी अधिनस्थों को शीघ्र टैक्स जमा करने के निर्देश दिए है। उधर इवान अस्पताल ने 7.30 लाख रुपए, प्लासा ने 8.50 लाख, ग्रैंड प्लाजा मॉल ने 8.50 लाख, वर्धमान अस्पताल ने 4.70 लाख हाउस और वॉटर टैक्स जमा कराया है।

दो राजस्व निरीक्षक के वेतन पर रोक
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका के कर विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों की एसआईआर में ड्यूटी लगी हुई है। जिस कारण उक्त अधिकारी और कर्मचारी हाउस और वॉटर टैक्स की वसूली नहीं कर पा रहे है। चेयरपर्सन ने एसआईआर कार्य के साथ टैक्स वसूली करने के भी निर्देश दिए हुए है। टैक्स वसूली कार्य में लापरवाही करने वाले दो राजस्व निरीक्षक अमरत जीत और अमित कुमार के जनवरी माह के वेतन पर रोक लगाई गई है।
पीएनबी बैंक की शाखा पर 29 लाख रुपए किराया
मुजफ्फरनगर। नगर पालिका ईओ ने बताया कि शिव चौक पर स्थित पीएनबी बैंक की शाखा पर नगर पालिका का करीब 29 लाख रुपए किराया बकाया है। बैठक को कई बार सूचित किया गया है, लेकिन उनके द्वारा किराया अभी तक जमा नहीं कराया गया। जिस कारण उन्हें फिर से नोटिस देते हुए कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। गांधी आश्रम पर भी करीब 7.50 लाख रुपए किराया बकाया है।
नगर पालिका ईओ ने बताया
शासन स्तर से निर्धिारत राजस्व वसूली के लक्ष्य को पूर्ण करने के प्रयास किए जा रहे है। आठ सरकारी विभागों पर करीब 5.81 करोड रुपए हाउस और वॉटर टैक्स बकाया है। इनकों टैक्स जमा कराने के लिए नोटिस भेजा गया है।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका






