मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


नगर पालिका के द्वारा शहर में तीन स्थानों पर लगाए गए एयर मिस्ट टावर का चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने उद्धघाटन किया है। इन तीनों एयर मिस्ट टावर से आस पास का वातावरण साफ शुद्ध रहेगा। वायु प्रदूषण को कम करने के लिए नगर पालिका प्रशासन की यह अच्छी पहल रही है।
नगर पालिका परिषद् चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कूड़ा मुक्त शहर के अपने संकल्प को विकास के सहारे सार्थक बनाने की दिशा में एक नई सौगात शहरवासियों को देने का काम किया है। वायु प्रदूषण से निपटने के लिए शहर में अब स्वच्छ हवा के लिए पालिका ने कदम बढ़ाया है। गन्दगी स्थलों को स्वच्छता और विकास की तस्वीर में बदला गया है। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप की पहल पर जलकल विभाग के द्वारा शहर के तीन स्थानों पर एयर मिस्ट टावर स्थापित किये गये, जिनका बुधवार को पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के साथ विधिवत उद्घाटन किया। राज्य वित्त आयोग से प्राप्त निधि के अंतर्गत लगभग एक करोड़ रुपये की लागत से शहर के तीन प्रमुख स्थानों पर ये एयर मिस्ट टावर स्थापित किए गए हैं। इनमें जिला अस्पताल रुड़की रोड मुख्य मार्ग, कम्पनी गार्डन के बाहर मेरठ रोड तथा भोपा रोड पर गांधी पॉलिटेक्निक के पास के स्थान शामिल हैं। यह टावर सेंसर आधारित प्रणाली पर कार्य करेगा। जैसे ही वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में गिरावट या धुंधयुक्त प्रदूषण की स्थिति बढ़ेगी, टावर स्वचालित प्रणाली से चालू हो जाएगा। बताया गया है कि यह 30 मिनट में लगभग 250 मीटर क्षेत्र को कवर कर सूक्ष्म जलकणों के माध्यम से धूल कणों को नियंत्रित करते हुए हवा को स्वच्छ बनाने में भूमिका निभायेगा। स्थापना के बाद एक वर्ष तक संबंधित अधिष्ठाता कंपनी ही इन टावरों का संचालन एवं रखरखाव करेगी। 24 घंटे की व्यवस्था के तहत एक ऑपरेटर और एक सुरक्षा गार्ड तैनात रहेगा। एयर मिस्ट टावर के लिए 5 हजार लीटर क्षमता का मुख्य जल टैंक स्थापित किया गया है, जबकि 2 हजार लीटर का अपशिष्ट जल टैंक अलग से बनाया गया है। इस अपशिष्ट जल का उपयोग सड़क डिवाइडर पर लगे पौधों की सिंचाई में किया जाएगा, जिससे जल संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।







