मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


नगर पालिका के द्वारा खालापार में फक्करशाह चौक से एके सैनेट्री स्टोर तक बनाई गई सड़क में डीएम उमेश मिश्रा को निरीक्षण के दौरान काफी अनियमितता मिली है। डीएम ने संबंधित ठेकेदार को मौके पर बुलाकर जमकर हडकाया है। वहीं नगर पालिका ईओ को संबंधित ठेकेदार के भुगतान पर रोक लगाने और ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए है।
नगर पालिका के वार्ड संख्या 55 व 27 खालापार स्थित फक्करशाह चौक से एके सैनेट्री स्टोर तक 15वां वित्त आयोग के अन्तर्गत करीब 247 मीटर सीसी सडक का निर्माण कराया गया। उक्त सीसी सडक का निर्माण करीब 6 माह पूर्व हुआ था। परन्तु उक्त सडक के बीच में दरार आने के कारण सम्बन्धित ठेकेदार द्वारा तारकोल से उक्त दरार को भरवाकर सडक की मरम्मत करा दी गयी। इसके बाद उक्त मामला डीएम के संज्ञान में आया। डीएम उमेश मिश्रा मंगलवार को पालिका ईओ और एई निर्माण के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने सड़क का गंभीरता के साथ निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान काफी अनियमितता सामने आयी। जिस कारण जिलाधिकारी ने सम्बन्धित ठेकेदार को मौके पर फटकार लगायी गयी। डीएम ने नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह को सम्बन्धित ठेकेदार का भुगतान रोकते हुए उक्त फर्म/ठेकेदार के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही करते हुए ब्लैक लिस्ट करने के आदेश दिए।







