मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

गुरुवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने महावीर चौक के सौन्दर्यीकरण का निरीक्षण किया है। उन्होंने अधिकारी और ठेकेदार को सहीं और गुणवत्ता पूर्ण कार्य कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि कार्य में लापरवाही सामने आई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने गुरुवार को भगवान महावीर को समर्पित शहर के प्रमुख महावीर चौक सौंदर्यीकरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने चौराहे पर स्थापित कलश पार्क में लगाई जा रही नई रैलिंग और आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था को बारीकी से परखा। आधुनिक डिज़ाइन वाली यह रैलिंग और इसमें की जा रही लाइटिंग महावीर चौक के सौंदर्य में अभूतपूर्व वृद्धि करेगी और आने-जाने वालों के लिए यह स्थान एक आकर्षक दृश्य प्रस्तुत करेगा। उन्होंने बताया कि चौराहे की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लोहे के मजबूत पिलर भी लगाए जा रहे हैं, इनमें पत्थर भी लगाये जायेंगे और इनमें आधुनिक रिफलेक्टर लगाने की तैयारी है। ताकि सड़क पर दौड़ते वाहन चौराहे की संरचना को नुकसान न पहुँचा सकें और रोड सेफटी में भी लोगों को मदद मिल सके। इसके साथ ही इस कलश पार्क के फर्श को भी टाइल्स लगाकर पक्का किया जायेगा। यहां पर लगाये गये बड़े कलश को भी पेंट कराया जा रहा है। उन्होंने निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार और उपस्थित पालिका अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता में पूर्ण किए जाए। निरीक्षण के बाद नगरपालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि मुजफ्फरनगर शहर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए जा रहे हैं। हमारा प्रयास है कि प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों को इस प्रकार विकसित किया जाए कि वे शहर की पहचान बनें। सौंदर्यकरण केवल दिखावे का कार्य नहीं, बल्कि नागरिक सुविधा, सुरक्षा और शहर के गौरव से जुड़ा हुआ प्रयास है।






