Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पालिका सीमा क्षेत्र में स्थित सोसाइटियों पर कर निर्धारण की तैयारी

पालिका सीमा क्षेत्र में स्थित सोसाइटियों पर कर निर्धारण की तैयारी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहरी क्षेत्र में स्थापित हो रही सोसाइटियों पर भी नगर पालिका कर निर्धारण करने जा रही है। नगर पालिका के द्वारा सोसाइटियों का सर्वे कराया जा रहा है। कर निर्धारण के लिए उक्त सोसाइटियों में नगर पालिका के द्वारा कैम्प लगाए जाएगे। वहीं स्थानीय लोगों को कर निर्धारण के संबंध में पूर्ण जानकारी दी जाएगी। सोसाइटी और उद्योगों पर कर निर्धारण होने के बाद पालिका के राजस्व में करोडों रुपए की बढोत्तरी होगी।
फिलहाल नगर पालिका नव विस्तारीत क्षेत्र में आए उद्योगों से गृहकर वसूलने जा रही है। सीमा विस्तार के बाद नगर पालिका में 11 गांव पूर्ण रूप से शामिल हुए है। वहीं काफी उद्योग भी पालिका की सीमा क्षेत्र में आए है। नगर पालिका के द्वारा किए गए एक सर्वे के अनुसार करीब 57 उद्योग टैक्स के दायरे में आए है। अभी नगर पालिका का सर्वे चल रहा है। इनमें से करीब 35 उद्योगों को नगर पालिका टैक्स के लिए नोटिस जारी कर चुकी है। अभी हाल में नगर पालिका ईओ डा. प्रज्ञा सिंह के नेतृत्व में प्रभारी टीएस पारूल यादव ने विभागीय टीम के साथ फेडरेशन ऑफ मुजफ्फरनगर कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के हॉल में कैम्प लगाया है। जिसमें ईओ के द्वारा उद्यमियों से वार्ता और विभिन्न बिन्दुओं पर जानकारी दी गई है। उद्यमियों को कर निर्धारण के संदर्भ में फॉर्म वितरण किया गया। जिसमें वो अपनी फैक्ट्री के संदर्भ में सूचना भर के देंगे। सभी उद्यमियों ने टैक्स जमा करने के संदर्भ में सहमति दी तथा अनुरोध किया कि 2023/24 से टैक्स ना लगा कर 2025/26 से टैक्स लगाया जाए। फैक्ट्रियों से होने वाले कुल टैक्स कलेक्शन के 80 प्रतिशत का खर्च इंडस्ट्रियल एरिया के विकास पर खर्च करने की माँग की गई। ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि जिसके संदर्भ में बोर्ड में प्रस्ताव लाकर विचार किया जाएगा।

इन्होंने बताया
अन्य विस्तारित क्षेत्रों में भी कैम्प लगाने के संदर्भ में कर अधीक्षक को आदेशित किया गया है। जल्द ही एटूजेड, वसुंधरा जैसे सोसाइटी में भी नगर पालिका के द्वारा कैम्प लगा कर कर निर्धारण किया जायेगा।
डा. प्रज्ञा सिंह, ईओ नगर पालिका

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल