Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एसटीपी प्लांट देखने पहुंचे मंत्री को मिली काफी खामियां, आस पास के मकानों में मिली दरारे

एसटीपी प्लांट देखने पहुंचे मंत्री को मिली काफी खामियां, आस पास के मकानों में मिली दरारे

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर के मोहल्ला कृष्णापुरी में स्थित एसटीपी प्लांट का गुरुवार को राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने मंत्री को एसटीपी से हो रही समस्याओं की जानकारी दी। प्लांट के कारण आस पास के मकानों में आयी दरार को भी मंत्री ने देखा। मंत्री ने नमामि गंगे एक्सईएन संजीव कटारिया को मकानों की मरम्मत और उक्त समस्याओं का तत्काल प्रभाव से निस्तारण करने के निर्देश दिए। मंत्री को काली नदी में काफी गंदगी मिली। उन्होंने काली नदी में कूडा डालने वालों पर कार्रवाई के आदेश दिए है।


मुज़फ्फरनगर विधानसभा क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णापुरी एवं ग्राम पीन्ना में मंत्री कपिल देव अग्रवाल के प्रयास से जल निगम द्वारा 272 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) स्थापित हुआ है। यह महत्वपूर्ण परियोजना क्षेत्र के नालों से निकलने वाले दूषित जल को वैज्ञानिक और तकनीकी प्रक्रियाओं के माध्यम से शुद्ध कर उसे पुन: उपयोग योग्य बनाने तथा पर्यावरण को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से स्थापित की गई है। जो प्रदेश सरकार की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनस्वास्थ्य के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने प्लांट से उत्पन्न दुर्गंध, जलभराव एवं अन्य असुविधाओं से संबंधित समस्याओं से मंत्री कपिल देव को अवगत कराया। इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि योगी सरकार में जनता की सुविधा, स्वास्थ्य और सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। प्लांट से उत्पन्न सभी समस्याओं का तत्काल, स्थायी एवं तकनीकी समाधान करने के अधिकारियों को निर्देश दिए है। इसके साथ ही मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने विद्युत विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि सड़क के बीच खड़े विद्युत पोल एवं ट्रांसफार्मर को शीघ्र स्थानांतरित करने हेतु समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर तुरंत कार्य प्रारंभ किया जाए। जिससे आवागमन सुचारु हो, यातायात में किसी प्रकार की बाधा न आए और संभावित दुर्घटनाओं की आशंका पूरी तरह समाप्त की जा सके। इस दौरान वार्ड सभासद योगेश मित्तल, राजीव शर्मा, नवनीत गुप्ता, भाजपा नेता शिवकुमार त्यागी, मनोज गोयल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल