मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सोमवार को सुशासन सप्ताह के अवसर पर तहसील सदर के गांव महरामपुर छपार में प्रशासन गांव की ओर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना रहा।
तहसील प्रशासन द्वारा ग्राम महरामपुर छपार में एक बहुविभागीय कैंप का आयोजन किया गया। जिसमें राजस्व, समाज कल्याण, विकास, पंचायत एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कैंप में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रतिभाग कर अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। ग्रामीणों द्वारा मुख्य रूप से वृद्धावस्था पेंशन, दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, राजस्व संबंधी प्रकरणों, राशन कार्ड, पारिवारिक रजिस्टर, भूमि विवाद, प्रमाण पत्रों तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों से संबंधित आवेदन दिए गए। तहसील प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही कई प्रकरणों का निस्तारण किया गया। जबकि शेष आवेदनों को संबंधित विभागों को अग्रसारित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया गया कि किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना से वंचित न रखा जाए। इस अवसर पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 3 लाभार्थियों को गैस कनेक्शन किये वितरण। इस दौरान एसडीएम सदर प्रवीण कुमार द्विवेदी, तहसीलदार सदर राधेश्याम गोड़, नायब तहसीलदार अमित कुमार, सप्लाई इंस्पेक्टर आशीष श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी गण, एवं कार्मिक उपस्थित रहे।







