मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कडाके की ठंड से लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका करीब 900 कुंतल सूखी लकडियों की व्यवस्था करने जा रही है। इन लकडियों से शहर में विभिन्न स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जाएगी। अभी हाल में नगर पालिका के द्वारा 13 स्थानों पर अलाव शुरू हो गई है। अन्य स्थानों पर अलाव जलाने की नगर पालिका तैयारी कर रही है।
सर्दी से गरीब लोगों को बचाने के लिए नगर पालिका के द्वारा पुख्ता इंतजाम किए जा रहे है। नगर पालिका के द्वारा रेलवे रोड और साईधाम के समीप रैन बसेरा बनाया गया है। इसके अलावा शहर में अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू हो गई है। अलाव के लिए नगर पालिका के द्वारा करीब 900 कुंतल लकडियां खरीदी जाएगी। अभी नगर पालिका के द्वारा करीब 270 कुंतल सूखी लकडियां खरीदी गई है। वहीं करीब 45 कुंतल सूखी लकडी पिछले वर्ष की बची हुई है। नगर पालिका के द्वारा करीब 50 से अधिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था की जानी है। अलाव प्रभारी दुष्यंत कुमार ने बताया कि अभी 13 स्थानों पर अलाव शुरू हो गया है। नगर पालिका के द्वारा महावीर चौक, मीनाक्षी चौक, शिव चौक, हनुमान चौक, ईदगाह रोड, फक्करशाह चौक, रोडवेज, रैन बसेरे, रेलवे स्टेशन आदि स्थानों पर अलाव जलाया जा रहा है। अन्य शेष स्थानों पर अलाव की व्यवस्था शीघ्र करने की तैयारी की जा रही है।







