Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पालिका के विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, महिला सभासद ने राज्यमंत्री से की शिकायत

पालिका के विकास कार्यों में अनियमितता का आरोप, महिला सभासद ने राज्यमंत्री से की शिकायत

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के विकास कार्यों में अनियमितता का गंभीर आरोप लगाते हुए महिला सभासद सीमा जैन ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को पत्र भेजकर शिकायत की है। उन्होंने बताया कि पालिका के द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों पर संबंधित अधिकारियों का कोई विशेष ध्यान नहीं है। जिस कारण अनियमितता सामने आ रही है। वार्ड संख्या 33 में मण्डी समिति राजवाहा रोड पर चल रहे नाला व साइड पटरी निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। भविष्य में यहां पर जल भराव की भयंकर समस्या उत्पन्न होने की संभावना को लेकर लोगों में रोष बना हुआ है।
सभासद सीमा जैन के द्वारा मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप को भेजे गए पत्र में पालिका के निर्माण विभाग के अधिकारियों और ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही, घटिया सामग्री, गुणवत्ता का अभाव और मानकों की अनदेखी के साथ ही अनियमितताओं के आरोप लगाए है। पूर्व में राजवाहा रोड पर साइड पटरी का निर्माण कराया गया, जिसमें सड़क से होने वाली जल निकासी के लिए नाली अथवा नाले का कोई प्रावधान नहीं किया गया। पुराने नाले को बंद कराकर उसके ऊपर साइड पटरी बना दी गई। इसके बाद सड़क निर्माण का नया टेंडर निकाला गया, जिससे करोड़ों रुपये की लागत से बनी साइड पटरी सड़क के फेस में आ गई। अब सड़क की दूसरी ओर जल निकासी को बेहतर करने के उद्देश्य से नया नाला और साइड पटरी बनाई जा रही है, जिसमें मानकों की खुली अनदेखी का आरोप है। सभासद ने आरोप लगाया है कि नाले का निर्माण ढलान और जल प्रवाह प्रणाली को नजरअंदाज कर मनमाने ढंग से किया जा रहा है। नाले की दीवारें और तली सड़क से ऊंची बनाई जा रही हैं, जिससे सड़क का पानी नाले में नहीं जा पाएगा। उन्होंने मामले की तत्काल तकनीकी जांच, स्थल निरीक्षण, दोषी अधिकारियों और ठेकेदार के विरुद्ध कार्रवाई तथा अनियमितताओं में खर्च हुई धनराशि की वसूली की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल