मुजफ्फरनगर । हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विकास भवन के सभागार में डीएम की अध्यक्षता में जिला सलाहकार समिति, जिला स्तरीय समीक्षा समिति की बैठक हुई। बैठक में डीएम ने कहा कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को प्रदेश सरकार व केन्द्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है, इस योजना से बिजली पर निर्भरता कम करने पर जोर दिया गया।
उन्होंने बैंकों द्वारा लोन समय से न देना तथा लोन के आवेदन पत्र रिजेक्ट करने तथा लोन की धनराशि 100 प्रतिशत वैण्डर्स को एकमुश्त नहीं दिये जाने पर नाराजगी व्यक्त की। सभी संबंधित बैंकों के अधिकारियों को निर्देश दिये गये है कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लिए लोन का आवेदन प्राप्त होने के 7 दिन के अन्दर धनराशि सम्बन्धित वैण्डर्स के खाते में हस्तांतरण कर दी जाये। बिजली का बिल, आधार कार्ड, बैंक पास बुक को आधार मानते हुए लोन स्वीकृत कर दिया जाये। किसी भी कीमत पर आवेदन को निरस्त न किया जाये। अगर कागजात में कोई कमी है, तो बैंक मैनेजर सम्बन्धित लाभार्थियों से प्राप्त करेंगें। अगर कोई बैंक मैनेजर लोन करने में आनाकानी करते है, तो सम्बन्धित बैंक मैनेजर के विरूद्ध नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने परियोजना प्रभारी को निर्देश दिये गये कि बैंक अधिकारियों से समन्वय करते हुए जनपद में अधिक से अधिक घरों पर सोलर संयंत्र की स्थापना कराये। बैठक में सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, आरबीआई के अशोक कुमार, एलडीएम, जिला प्रबन्धक नाबार्ड, बैंको के डिस्ट्रिक्ट को-ऑर्डिनेटर, बैंक मैनेजर, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी जितेन्द्र गुप्ता, सहायक उपायुक्त जिला उद्योग, परियोजना प्रभारी यूपीनेडा भजन सिंह आदि उपस्थित रहे।







