Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एसआईआर में लापरवाही होने पर बीएलओ से लेकर एसडीएम और तहसीलदार पर होगी कार्रवाई

एसआईआर में लापरवाही होने पर बीएलओ से लेकर एसडीएम और तहसीलदार पर होगी कार्रवाई

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद में चल रहे एसआईआर में लापरवाही सामने आयी तो बीएलओ से लेकर एसडीएम और तहसीलदार पर कार्रवाई होगी। जनसठ तहसील में एसआईआर के कार्य में लापरवाही देखने को मिली है। यहां पर गणना प्रपत्र बांटने और भरवाने में बडी लापरवाही सामने आयी है। जिस पर डीएम ने स्वयं संज्ञान लिया है। जनपद में कुछ बीएलओ के द्वारा अभी तक पूरी तरह से गणना प्रपत्र भी नहीं बांटे गए है। जबकि 4 दिसम्बर तक एसआईआर का कार्य पूर्ण करना है।
जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में एसआईआर के लिए मतदाता सूची का चार नवम्बर से चल रहा है। करीब 1982 बीएलओ के द्वारा मतदाताओं के सत्यापन किया जाना है। चार दिसम्बर तक करीब 21.12 लाख मतदाताओं का सत्यापन पूर्ण होना है। बीएलओ के द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र के माध्यम से मतदाताओं की जानकारी एकत्र की जा रही है। यह एसआईआर साल 2003 की मतदाता सूची के आधार पर किया जा रहा है। निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर के लिए जारी निर्देशों में स्पष्ट कर दिया गया है कि इस सबसे बड़े सर्वे के दौरान किसी भी नागरिक को भयभीत या परेशान होने की आवश्यकता नहीं है, क्योंकि इसमें वोट बनाने, काटने और संशोधन करने की पूरी जिम्मेदारी बीएलओ की तय की गई है। इसके लिए साल 2003 की मतदाता सूची या साल 2024 में हुए लोकसभा चुनाव की मतदाता सूची में पंजीकृत मतदाताओं को बीएलओ के आने पर केवल उनसे गणना फार्म सही सही जानकारी के साथ भरवाना है और इसमें फार्म की एक प्रति पावती रसीद के रूप में बीएलओ के हस्ताक्षर सहित स्वयं को साक्ष्य के रूप में प्राप्त अवश्य करनी है। 4 दिसंबर तक गणना फार्म बीएलओ घर घर जाकर एकत्र करेंगे। इसके बाद नौ दिसंबर को ड्राफ्ट रोल का प्रकाशन होगा और फिर 31 जनवरी तक आपत्तियों की सुनवाई और निस्तारण के उपरांत 7 फरवरी को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चुनाव आयोग द्वारा तय निर्देशों के आधार पर किया जायेगा।

जनपद की छह विधानसभा क्षेत्रों में 21.12 लाख मतदाता
मुजफ्फरनगर। छह विधानसभा क्षेत्रों में हो रहे एसआईआर सर्वेक्षण के दौरान बीएलओ को 21 लाख 12 हजार 586 मतदाताओं का डाटा नये सिरे से गणना प्रपत्र के आधार पर एकत्र करना है। इनमें 1124371 पुरुष, 988090 महिला और 125 थर्ड जेंडर वोटर शामिल हैं। विधानसभा बुढ़ाना में 397500 वोटर हैं, जिनमें 213340 पुरुष और 184153 महिला व 7 थर्ड जेंडर, चरथावल में 347053 मतदाताओं में 185253 पुरुष, 161781 महिला व 19 थर्ड जेंडर, पुरकाजी में 340231 वोटरों में 181111 पुरुष, 159106 महिला एवं 14 थर्ड जेंडर, मुजफ्फरनगर सदर विधानसभा क्षेत्र में 371726 मतदाताओं में 196928 पुरुष, 174749 महिला एवं 49 थर्ड जेंडर, खतौली में 329088 वोटरों में 174903 पुरुष, 154164 महिला एवं 21 थर्ड जेंडर तथा मीरापुर विधानसभा में 326988 वोटरों में 172836 पुरुष, 154137 महिला और 15 थर्ड जेडर वोटर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल