मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

ग्राम पंचायत अलीपुरखुर्द की महिला प्रधान ने बिना अनुमति के कृषि यंत्र ट्रैक्टर, सुपर रीडर, रिवर्सिबल एमबी प्लाउ और लैंड लेवलर की नीलामी करा दी। उक्त कृषि यंत्र वर्ष 2022-23 में प्रमोशन आफॅ एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन फार इन सीटू मैनेजमेन्ट आफैं काप योजना के अन्तर्गत क्रय किया गया था। इस मामले में ग्राम पंचायत को वित्तीय हानि पहुँचाने के सम्बन्ध डीपीआरओ ने उप कृषि निदेशक को ग्राम प्रधान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा है। वहीं ग्राम प्रधान को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए सात दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है।
ग्राम पंचायत अलीपुरखुर्द के सचिव राहुल सिंह ने 24 सितम्बर को प्राप्त हुए शिकायती पत्र पर जांच करते हुए रिपोर्ट डीपीआरओ को दी है। जिसमें बताया गया है कि ग्राम प्रधान उर्मिला देवी के द्वारा 18 सितम्बर को उक्त कृषि यंत्रों की नीलामी करते हुए 3.10 लाख की धनराशि राज्य वित्त आयोग के ग्राम निधि खाते में जमा की गयी हैं। डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि स्पष्ट होता हैं कि उर्मिला देवी के द्वारा अपने पदीय दायित्व का निर्वहन सही प्रकार से न करते हुए अवैध रूप बिना उच्च स्तर से अनुमति प्राप्त किये उक्त शासकीय सम्पत्ति की नीलामी सम्बन्धी कार्य किया गया हैं। ग्राम पंचायत को वित्तीय हानि पहुँचाने के सम्बन्ध में उर्मिला देवी को कारण बताओ नोटिस निर्गत किया गया है। वहीं साक्ष्यो सहित 7 दिवस के भीतर जवाब मांगा गया है। वहीं उप कृषि निदेशक को इस संबंध में ग्राम प्रधान के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पत्र भेजा गया है। डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि ग्राम प्रधान के द्वारा अब झूठे आरोप भी लगाए जा रहे है।







