मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर ग्राम पंचायतों को आरक्षण निर्धारित किया जाना है, लेकिन इस संबंध में अभी तक शासन स्तर से कोई आदेश डीपीआरओ कार्यालय में नहीं आया है, लेकिन आरक्षण को लेकर अफवाहों का बाजार गर्म हो गया है। गुरुवार को ग्राम पंचायतों के आरक्षण के संबंध में कई फोन डीपीआरओ रेनू श्रीवास्ताव को भी आए है। डीपीआरओ ने कहा है कि आरक्षण के संबंध में यदि कोई अफवाह फैलाता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जनपद की 487 ग्राम पंचायतों में सरगर्मियां तेज हो गई है। गांव दर गांव दावेदारी ठोकी जा रही है। पंचायत चुनाव को लेकर तैयारियां चल रही है। जनपद की 487 ग्राम पंचायतों का आरक्षण भी निर्धारित किया जाना है। अभी शासन स्तर से आरक्षण को लेकर कोई शासनादेश भी डीपीआरओ कार्यालय में नहीं आया है और ग्राम पंचायतों में आरक्षण को लेकर अफवाहें तेज हो गई है। गुरुवार को इस संबंध में कई लोगों के फोन डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव के पास भी आए है। अधिकांश लोगों ने फोन की पूछा है कि क्या उनके गांव का आरक्षण बदल गया है। डीपीआरओ रेनू श्रीवास्तव ने बताया कि आरक्षण को लेकर कोई भी शासनादेश जारी नहीं हुआ है। यदि इस संबंध में कोई अफवाह फैलाता है तो उसकी पहचान करते हुए कडी कार्रवाई की जाएगी।







