मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए एक तरह कम्पनी बाग में हर साल वृक्षारोपण होता है, वहीं दूसरी ओर रविवार की शाम को कम्पनी बाग में चुपचाप कई हरे भरे फलदायी पेडों को काट दिया गया। उक्त काटे गए पेड कई वर्ष पुराने बताए जा रहे है।


कमाल की बात तो यह है कि वाटिका प्रभारी एंव नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. अजय कुमार शाही को इस मामले की कोई जानकारी भी नहीं है। उधर मामला प्रकाश में आने पर डीएम ने संज्ञान लिया है।

मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका एंव कम्पनी बाग में सौन्दर्यीकरण का कार्य चल रहा है। अभी हाल में कम्पनी बाग की चारदीवारी कराई गई है। रविवार को कम्पनी बाग में पीछे लगे हरे भरे कई फलदायी पेडों को काट दिया गया है। इस पेडों को काटने की भनक किसी को भी लगने नहीं दी गई है।

शाम को यह मामला अधिकारियों के संज्ञान में आया है। पेडों के काटने को लेकर कुछ समाजसेवी और सभासदों में भी रोष बना हुआ है। बताया जाता है कि पेडों को काटने की अनुमति भी नहीं ली गई है।

कम्पनी बाग में काटे गए हरे भरे पेडों का मामला अभी संज्ञान में आया है। इस मामले को दिखवाया जा रहा है।
उमेश मिश्रा, डीएम मुजफ्फरनगर
कम्पनी बाग में सौन्दर्यीकरण का कार्य चल रहा है, लेकिन यहां पर पेडों को काटने की मुझे कोई जानकारी नहीं है। पेडे कब काटे गए और किसकी अनुमति से काटे गए है इसकी कोई जानकारी नहीं है।
डा. अजय कुमार शाही, वाटिका प्रभारी एंव नगर स्वास्थ्य अधिकारी






