मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

पालिका की बोर्ड बैठक को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण हो गई है। सोमवार को सुबह 11 बजे पालिका के सभागार में चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक शुरू होगी। बोर्ड बैठक में करीब 80 करोड के प्रस्ताव पर स्वीकृति की मोहर लग सकती है। बोर्ड बैठक में एजेंडे में करीब 128 प्रस्ताव शामिल किए गए है। जिनपर सदन में चर्चा होगी।
करीब चार माह बाद 13 अक्टूबर सोमवार को सुबह 11 बजे नगर पालिका की बोर्ड बैठक होने जा रही है। बैठक के लिए करीब 128 प्रस्ताव वाला एजेंडा जारी किया गया है। इस एजेंडे में कांवड़ यात्रा, अग्निवीर सेना भर्ती, कर्मचारियों को ठण्डी वर्दी, चिकित्सा प्रतिपूर्ति और पालिका भवनों में मरम्मत के प्रस्ताव तो शामिल किये ही गई हैं। सभी 55 वार्डों में करीब 50 करोड़ रुपये की धनराशि से सीसी सड़क व अन्य विकास कार्यों को शामिल किया गया है। करीब 44 करोड़ 85 लाख 36 हजार 550 रुप्ये की लागत से 55 वार्डों में सुभल आवागमन और जल निकासी, सौन्दर्यकरण आदि के लिए 337 कार्य प्रस्तावित किये गये हैं तो वहीं सभी वार्डों में 01 करोड़ 72 लाख 25 हजार रुपये की लागत से चैनल, नाली पुलिया और सड़क मरम्मत के 56 कार्य अलग से शामिल किये गये हैं। शहरी पथ प्रकाश व्यवस्था को संवारने के लिए लाइट खरीद के साथ ही हाईमास्ट लाइट, फैंसी स्ट्रीट लाइट और सेमी हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए अलग अलग प्रस्ताव शामिल किये हैं। इनमें एटूजैड चौराहा, सुरेन्द्र नगर कालोनी चौराहा, नई मंडी चौराहा सहित अन्य पांच स्थानों पर 16 मीटर हाईमास्ट लाइट लगेंगी। नई मंडी, गांधी कालोनी, पटेलनगर, गांधीनगर, कूकड़ा, प्रेमपुरी ईदगाह, हनुमान चौक आबकारी रोड, अंसारी रोड, सदर बाजार में 72 से 84 वॉट की एलईडी फैंसी लाइट लगाने की योजना है। 75 और 45 वॉट की करीब 3 हजार नई एलईडी स्ट्रीट लाइट खरीदने का प्रस्ताव भी शामिल किया गया है।







