Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एक देश, एक कर, एक बाजार का सिद्धांत शुरू: सोमेन्द्र तोमर

एक देश, एक कर, एक बाजार का सिद्धांत शुरू: सोमेन्द्र तोमर

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

विकास भवन के सभागार में जिले के प्रभारी मंत्री एंव ऊर्जा मंत्री डा. सोमेन्द्र तोमर ने जीएसटी रिफार्म को लेकर प्रेसवार्ता करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी की दर को कम कर पूरे देश को दीपावली का तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि इन दरों का लाभ व्यापारी, किसान, आम आदमी, गृहणी, शिक्षा, चिकित्सा आदि को मिलेगा। वर्ष 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव है। जीएसटी के बिखरे हुए करों से एक देश, एक कर एक बाजार के सिद्धांत को शुरू किया है। आज भारत देश दुनिया की चौथी सबसे बडी अर्थ व्यवस्था बन चुका है।
उन्होंने कहा कि इन सुधारों के तहत 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की सरल दो-दर संरचना लागू की गई है, जबकि विलासिता और लग्जरी सामानों पर 40 प्रतिशत की दर रखी गई है। दूध, पनीर, शैम्पू, टूथपेस्ट, साबुन, साइकिल और बच्चों के सामान जैसे जरूरी घरेलू सामान पर अब सिर्फ 5 प्रतिशत या शून्य कर लगेगा। इससे रोजमर्रा के खर्च कम होंगे। किसानों के लिए ट्रैक्टर, टायर, कीटनाशक और सिंचाई उपकरण पर कर घटा कर 5 प्रतिशत कर दिया गया है। इससे खेती की लागत कम होगी और ग्रामीण भारत को सीधा लाभ मिलेगा। व्यक्तिगत जीवन और स्वास्थ्य बीमा पर जीएसटी पूरी तरह से हटा दिया गया है। दवाइयों, ऑक्सीजन और जांच किट पर कर में बड़ी कटौती की गई है ताकि इलाज सभी के लिए सस्ता हो सके। गाडियों और बाइक पर 28 प्रतिशत से घटा कर 18 प्रतिशत कर दी गयी है। वहीं कॉपियों, पेंसिल, नक्शों और अन्य जरूरी छात्र सामग्री पर अब कोई कर नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि विलासिता की वस्तुएं (जैसे तंबाकू, पान मसाला) और लग्जरी सामान (जैस कसीनो, एसयूवी, यॉट) पर अब 40 प्रतिशत कर लगाया गया है। सरल रजिस्ट्रेशन तेज रिफंड (90 प्रतिशत ऑटो-अप्रूव) और रिस्क-आधारित कंप्लायंस से एमएसएमई, निर्यातकों और श्रम प्रधान क्षेत्रों को मजबूती मिलेगी। मजबूत खपत, निवेश और कर संग्रह के जरिए जीडीपी वृद्धि में अनुमानित 0.2-0.3 प्रतिशत का योगदान मिलेगा। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, ब्लाक प्रमुख अक्षय पुंडीर, अंचित मित्तल आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल