मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर की सफाई व्यवस्था में ओर अधिक सुधार करने के लिए नगर पालिका ने करीब डेढ करोड की लागत से पांच नए कम्पेक्टर खरीदे है। शनिवार को चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने इन पांच नए कम्पेक्टर का फीता काटते हुए उद्घाटन किया है। शहरी क्षेत्र में विभिन्न स्थानों पर स्थित छह डलावघरों को बंद कर नगर पालिका उक्त कम्पेक्टर स्थापित करेंगी।
शनिवार की सुबह चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने मेरठ रोड स्थित कमला नेहरू वाटिका का निरीक्षण किया। यहां पर सफाई व्यवस्था और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को परखा है। चेयरपर्सन ने शहर को गारबेज फ्री सिटी बनाने के उद्देश्य से राजवाहा रोड श्मशान घाट के पास, नई मंडी गेट नम्बर तीन, भोपा पुल के नीचे, शाकुन्तलम आवास विकास सरकूलर रोड और आर्य समाज रोड के दोनों डलावघर सहित छह बड़े कूड़ा डलावघरों को बंद कराने के लिए पांच नये मोबाइल कॉम्पेक्टर जनता को समर्पित किये। इन पांच कॉम्पेक्टर के सहारे छह कूड़ा डलावघर बंद होने से शहरवासियों को गन्दगी से निजात मिलेगी। इसके साथ ही एक कॉम्पेक्टर भाजपा कार्यालय के पास गांधीनगर डलावघर पर लगाया गया है। उन्होंने बताया कि 15वें वित्त आयोग के अन्तर्गत पालिका को प्राप्त हुई धनराशि से ये पांच कॉम्पेक्टर खरीदे गये हैं। इन पर 1.54 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। पांचों कॉम्पेक्टर पालिका के साथ अनुबंध के आधार पर कार्य कर रही निजी क्षेत्र की कंपनी जेएस एनवायरो सर्विसेज प्रा.लि. के प्रोजेक्ट मैनेजर नितेश चौधरी को सौंप दिये गये हैं। ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह ने बताया कि नई कंपनी को कार्य संभालने के दौरान शहर में 29 कूड़ा डलावघर दिए गये थे, जिनमें से अभी तक 12 डलावघर और गारबेज प्वाइंट को खत्म कर दिया गया है। अब 17 गारबजे प्वाइंट बचे हैं, इनमें भी कुछ बड़े डलावघरों को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के दिशा निर्देशन में जल्द बंद कराने की तैयारी है।







