मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या की गणना) को त्रुटिहीन एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से मुजफ्फरनगर तहसील सदर के पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों का तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया। यह प्रशिक्षण विभिन्न चरणों में आयोजित किया जा रहा है।
बुधवार को द्वितीय बैच के प्रशिक्षण के शुभारंभ अवसर पर जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), जिला जनगणना अधिकारी गंभीर सिंह ने श्री राम कॉलेज स्थित प्रशिक्षण स्थल पर पहुँचकर द्वितीय शिफ्ट के प्रशिक्षण सत्र का औचक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने उपस्थित पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों से सीधा संवाद स्थापित किया। उन्हें राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य को पूरी जिम्मेदारी व सजगता के साथ पूरा करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण को केवल औपचारिक न रखकर संवादात्मक बनाया जाए, ताकि प्रगणक और पर्यवेक्षक अपनी हर जिज्ञासा व शंका का समाधान कर सकें। प्रशिक्षण स्थल पर प्रशिक्षुओं के लिए शुद्ध पेयजल, जलपान एवं खान-पान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। जनगणना के दौरान संकलित आंकड़ों की सटीकता और गोपनीयता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह ने प्रशिक्षण दे रहे मास्टर ट्रेनर्स को निर्देश दिए कि जनगणना से संबंधित सभी तकनीकी पहलुओं और दिशा-निर्देशों को सरलता से समझाएँ ताकि मैदानी स्तर पर गणना कार्य में कोई बाधा न आए।







