मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बुधवार को वहलना से काफी संख्या में लोग चेयरपर्सन के आवास पर पहुुंचे। उन्होंने वहलना चौक का नाम बदलने की तैयारी का जमकर विरोध किया है। वहीं पूराना नाम बरकरार रखने की मांग रखी है। वहीं राष्ट्रीय सैनी सभा ने भी चेयरपर्सन से मिलकर महात्मा ज्योतिराव फुले की प्रतिमा को सार्वजनिक स्थान पर स्थापित कराने की मांग की है।
राष्ट्रीय सैनी सभा उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष आरके सैनी ने चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप को ज्ञापन देते हुए बताया कि शासन की ओर से भेजी गई महात्मा ज्योतिराव फुले की प्रतिमा पिछले करीब 30 वर्षों से नगर पालिका के स्टोर रूम में रखी हुई है। प्रतिमा को स्टोर रूम से निकालकर नगर में किसी उचित एवं प्रमुख स्थान या चौराहे पर स्थापित कराया जाए। सैनी समाज लंबे समय से इस संबंध में मांग कर रहा है। नगर पालिका की आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्ताव रखकर प्रतिमा स्थापित कराने की कार्रवाई की जाए। उधर, वहलना गांव के ग्रामीणों ने भी नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन देकर वहलना चौक का नाम नहीं बदलने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सदियों से इस स्थान को वहलना चौक के नाम से जाना जाता है। गांव में सभी समुदायों के लोग आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ रहते हैं। उन्होंने चेयरपर्सन से कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि चौक का नाम बदलकर किसी अन्य महापुरुष के नाम पर रखने की तैयारी की जा रही है। इससे ग्रामीणों में रोष है। नाम परिवर्तन किया गया तो ग्रामीण जन आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे। दोनों मामलों में नगर पालिका प्रशासन से उचित निर्णय लेने की मांग की गई है।







