Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » ऑन लाइन बुकिंग करने पर किसानों को निशुल्क मिलेगा गेहूं, सरसों और मसूर का बीज

ऑन लाइन बुकिंग करने पर किसानों को निशुल्क मिलेगा गेहूं, सरसों और मसूर का बीज

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रबी 2026-27 में किसानों को गेहूं, सरसों एवं मसूर फसलों के बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार तिलहन एवं दलहनी फसलों के बीजों का लक्ष्य प्राप्त हो चुका है, जबकि गेहूं के बीज की आपूर्ति शीघ्र ही कृषि विभाग के गोदामों पर उपलब्ध करा दी जाएगी। किसान अपनी आवश्यकता के अनुसार बीज की बुकिंग कर सकते हैं।
जिला कृषि अधिकारी राहुल सिंह तेवतिया ने किसानों से अपील की है कि वे रबी सीजन में गेहूं एवं तिलहन फसलों की बुवाई के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन बुकिंग करें। किसान स्वयं अथवा जनसेवा केंद्र के माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं। ऑनलाइन बुकिंग के बाद रसीद प्राप्त कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीज लिया जा सकेगा। विभाग की ओर से जारी विवरण के अनुसार गेहूं के लिए कुल 7213.80 कुंतल का लक्ष्य प्राप्त हुआ है, जिसमें अब तक 1068 कुंतल की बुकिंग हो चुकी है। मसूर का लक्ष्य 26 कुंतल है और अब तक 18 कुंतल की बुकिंग हुई है। सरसों का लक्ष्य 10 कुंतल है, जिसके सापेक्ष 3.31 कुंतल की बुकिंग हो चुकी है। किसान ऑनलाइन बुकिंग के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर जाकर किसान पंजीकरण/लॉगिन, जनपद का चयन, फसल एवं बीज का चयन कर बुकिंग कर सकते हैं। इसके बाद बुकिंग की पुष्टि कर रसीद प्राप्त करनी होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल