मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका की 17 मार्किट के 500 दुकानदारों का करीब तीन दशक पुराने प्रकरणों का निस्तारण हुआ है। इसके लिए व्यापारियों ने राज्यमंत्री कपिद देव अग्रवाल और चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप का अभिनंदन करते हुए आभार जताया है।
उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष कृष्णगोपाल मित्तल के द्वारा भगत सिंह रोड स्थित तुलसी पार्क में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कृष्णगोपाल मित्तल ने बताया कि नगर पालिका की शहरी क्षेत्र में 17 मार्किट स्थित हैं, जिनमें करीब 509 दुकानदार अपना अपना कारोबार कर रहे हैं। इन दुकानदारों में शिकमी किरायेदारी, वारिसान और 15 साला प्रकरण लंबित चले आ रहे हैं। कई चेयरमैन के कार्यकाल में इनका समाधान कराये जाने के लिए आवाज उठी और प्रयास भी किये गये, लेकिन ये आधे-अधूरे ही साबित हुए। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में इस समस्या का स्थाई समाधान हुआ है। पालिका की तीन जून 2025 को सम्पन्न हुई बोर्ड मीटिंग में कर विभाग के द्वारा तैयार उप विधि में किये गये 50 प्रतिशत किराया बढोतरी के प्रस्ताव को 35 प्रतिशत कर दिये जाने के सम्पूर्ण बोर्ड के मत को पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने स्वीकार करते हुए इसे शासन को भिजवाया है, यह उनका व्यापारी हित में बड़ा फैसला है। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि व्यापारियों के इस प्रकरण को लेकर हम लगातार प्रयास करते रहे। इसमें जो बाधा थीं, उनको शासन स्तर से पालिका बोर्ड को साथ लेकर हल कराया गया। इस दौरान सरदार बलविंदर सिंह, राकेश त्यागी, सुनील तायल, शलभ गुप्ता, राजकुमार कालरा, महेंद्र नाथ, चंद्र मोहन, सुरेंद्र ठाकुर, राजकुमार संगम, किरण पाल, अनुज गोयल, मोहित नागपाल, सुधांशु, विजय मदान, ब्रिज कुंवर, आकाश आदि उपस्थित रहे।







