Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » कैबिनेट मंत्री, डीएम और एसएसपी ने भूराहेड़ी चेक पोस्ट पहुंचकर कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

कैबिनेट मंत्री, डीएम और एसएसपी ने भूराहेड़ी चेक पोस्ट पहुंचकर कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जनपद में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा व्यापक सुरक्षा एवं सेवा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसी क्रम में आज  कैबिनेट मंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार  अनिल कुमार, जिलाधिकारी  उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक  संजय कुमार वर्मा द्वारा जनपद के अंतर्राज्यीय बार्डर (उत्तराखण्ड-उत्तर प्रदेश) थाना पुरकाजी क्षेत्रान्तर्गत भूराहेड़ी चेक पोस्ट पहुंचकर कांवड़ यात्रा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा अंतर्राज्यीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था, बैरियर एवं चेकिंग व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, कांवड़ियों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा यात्रा में किसी भी प्रकार की असुविधा या व्यवधान उत्पन्न न होने दिया जाए। इस दौरान माननीय कैबिनेट मंत्री, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें पूरी सतर्कता, संवेदनशीलता एवं समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रद्धालुओं से संवाद स्थापित कर उनकी यात्रा की जानकारी ली तथा उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

निरीक्षण के दौरान  कैबिनेट मंत्री, जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा अंतर्राज्यीय सीमा पर जनपद मुजफ्फरनगर में प्रवेश कर रहे शिवभक्त श्रद्धालुओं का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। श्रद्धालुओं ने भी आत्मीय स्वागत से अभिभूत होकर ‘बम-बम भोले’ एवं ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

इसके उपरान्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा कांवड़ मार्ग पर स्वयं खड़े होकर जनपद में प्रवेश करने वाले शिवभक्तों का स्वागत करते रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं का अभिवादन करते हुए उनके साथ “बम-बम भोले” का उद्घोष किया तथा सभी शिवभक्तों को सुरक्षित, मंगलमय एवं सुखद कांवड़ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं उल्लास का वातावरण देखने को मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल