Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » श्रावण के प्रथम सोमवार पर मां भगवती मंदिर में पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया जलाभिषेक

श्रावण के प्रथम सोमवार पर मां भगवती मंदिर में पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने किया जलाभिषेक

 

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास के प्रथम सोमवार को जनपद में शिवभक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। विभिन्न स्थानों पर संचालित निःशुल्क कांवड़ सेवा शिविरों में हजारों शिवभक्तों की सेवा का क्रम पूरे उत्साह के साथ जारी रहा। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने विभिन्न शिविरों का भ्रमण कर कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया, उनकी कुशलक्षेम जानी तथा नगर पालिका की ओर से की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।


केवलपुरी स्थित माँ भगवती मंदिर में आयोजित निःशुल्क शिव कांवड़ सेवा शिविर में पहुंचकर मीनाक्षी स्वरूप ने शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा एवं अभिनंदन के साथ स्वागत किया। उन्होंने श्रद्धालुओं से संवाद कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और भगवान भोलेनाथ से सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। यहां पर श्रावण मास का प्रथम सोमवार होने के कारण उन्होंने सभासद कुसुमलता पाल व अन्य भक्त जनों के साथ भगवान शिव की आराधना की और जलाभिषेक कर सभी के लिए सुख समृद्धि की कामना की।
इसके साथ ही नगर पालिकाध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप कल्याणकारी शिव मंदिर समिति एवं शिव परिवार सेवा समिति द्वारा आयोजित निःशुल्क कांवड़ सेवा शिविर में भी पहुंचीं। यहां उन्होंने शिवभक्त कांवड़ियों से भेंट कर उनकी यात्रा और सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी पवन कुमार, सभासदों तथा पालिका के अन्य अधिकारियों के साथ विभिन्न सेवा शिविरों का निरीक्षण कर स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही शिविर संचालकों से व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
भ्रमण के दौरान मीनाक्षी स्वरूप ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा जनपदवासियों के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा भारतीय संस्कृति, आस्था और सेवा भावना का अनुपम उदाहरण है, जिसमें समाज के विभिन्न वर्ग निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे हैं।
पालिकाध्यक्ष ने पालिका परिवार के अधिकारियों कर्मचारियों, सफाई कर्मियों के साथ साथ सभी सेवा शिविरों के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों द्वारा शिवभक्त कांवड़ यात्रियों के लिए किए जा रहे निःस्वार्थ सेवा कार्य, समर्पण और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उनका अभिनंदन किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पालिका परिषद श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निरंतर सुनिश्चित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल