Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » सीएमओ ने कांवड़ चिकित्सा शिविरों में स्वयं संभाली कमान, कांवड़ियों को दी चिकित्सीय सेवाएं

सीएमओ ने कांवड़ चिकित्सा शिविरों में स्वयं संभाली कमान, कांवड़ियों को दी चिकित्सीय सेवाएं

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने श्रावण कांवड़ यात्रा के दौरान स्थापित चिकित्सा शिविरों का निरीक्षण करते हुए सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न चिकित्सा शिविरों में पहुंचकर स्वयं कांवड़ियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया, घायलों की प्राथमिक चिकित्सा की, पट्टियां बांधी तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया। कांवड़ियों ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा स्वयं चिकित्सा सेवाएं प्रदान किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की।

निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपद के प्रमुख कांवड़ चिकित्सा शिविरों का भ्रमण किया। उन्होंने वहलना चौक स्थित चिकित्सा शिविर, नहर पटरी पर जौली में चिकित्सा शिविर, दाहाखेड़ी में चिकित्सा शिविर तथा नंगला मदौड स्थित चिकित्सा शिविर का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाइयों, उपकरणों, एंबुलेंस एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

डॉ. सुनील तेवतिया ने सभी चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने पाए तथा पूर्ण सेवा भाव, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ 24 घंटे स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कांवड़िया श्रद्धालु को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना स्वास्थ्य विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

इसके उपरांत मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरना, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहादरपुर एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सिखेड़ा में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवा वितरण, जांच व्यवस्था एवं चिकित्सीय सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले में आने वाले प्रत्येक लाभार्थी को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शासन की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक प्रभावी रूप से पहुंचाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल