मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

एमजी वर्ल्ड विजन स्कूल, मुजफ्फरनगर ने शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि अपने नाम करते हुए वर्ष 2026–2029 के लिए ब्रिटिश काउंसिल द्वारा प्रदान किया जाने वाला प्रतिष्ठित “रिकग्निशन ऑफ इंटरनेशनल डाइमेंशन इन स्कूल्स (RIDS)” अवॉर्ड प्राप्त किया है। यह सम्मान विद्यालय में वैश्विक दृष्टिकोण, अंतरराष्ट्रीय सहयोग, नवाचारपूर्ण शिक्षण पद्धतियों तथा विद्यार्थियों में वैश्विक नागरिकता के मूल्यों को विकसित करने की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का प्रमाण है।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. मृणालिनी अनंत ने सीनियर अकेडमिक कोऑर्डिनेटर मोनिका अग्रवाल, केजी कोऑर्डिनेटर शीतल गोयल,समस्त शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए उनके समर्पण, परिश्रम और उत्कृष्ट टीमवर्क की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सम्मान केवल विद्यालय की उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रत्येक शिक्षक की निष्ठा, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विद्यालय भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों के लिए तैयार करने के अपने प्रयास निरंतर जारी रखेगा।





