मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा कांवड़ यात्रा को सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने हेतु कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं का किया स्थलीय निरीक्षण, होटलों में खाद्य गुणवत्ता को किया चेक, स्पीड बोट से नहर क्षेत्र में जलस्तर एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का लिया जायजा।


जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर उमेश मिश्रा एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना खतौली क्षेत्र में कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत कांवड़ मार्ग का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों द्वारा कांवड़ मार्ग पर पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात संचालन, डायवर्जन व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों एवं पुलिस बल को निर्देशित किया गया कि कांवड़ियों की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने हेतु सभी व्यवस्थाएं सतत प्रभावी रखी जाएं तथा किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल उसका निराकरण कराया जाए।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा मार्ग पर स्थापित विभिन्न कांवड़ शिविरों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा, पेयजल, विश्राम एवं अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। साथ ही कांवड़ मार्ग पर स्थित होटल एवं भोजनालयों का निरीक्षण करते हुए खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था का अवलोकन किया गया। होटल संचालकों को निर्देशित किया गया कि श्रद्धालुओं को केवल स्वच्छ, ताजा एवं उच्च गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराए जाएं तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जल पुलिस की इन्फ्लेटेबल मोटर बोट के माध्यम से नहर क्षेत्र का भ्रमण कर जलस्तर, घाटों की सुरक्षा व्यवस्था, बैरिकेडिंग, जल पुलिस की तैनाती एवं रेस्क्यू तैयारियों का निरीक्षण किया गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जल क्षेत्र में निरंतर सतर्क निगरानी बनाए रखें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी रेस्क्यू कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
अंत में जिलाधिकारी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुगम, व्यवस्थित एवं दुर्घटनामुक्त सम्पन्न कराने हेतु सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, जल सुरक्षा, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं की सतत निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे कांवड़ यात्रा सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक सम्पन्न हो सके।




