मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

थाना सिविल लाइन के मोहल्ला रैदासपुरी में रविदास मंदिर के समीप एक मकान की छज्जे पर लगी स्ट्रीट लाइट को सहीं करते हुए पालिका के संविदाकर्मी लाइनमैन को करंट लग गया। उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गुस्साए परिवार के लोगों ने पथ प्रकाश विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा किया। गुस्साए लोगों ने मृत की मां को नौकरी और मुआवजे की मांग की है। वहीं दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव रथेडी निवासी हर्ष कुमार पिछले करीब तीन साल से नगर पालिका के पथ प्रकाश विभाग में संविदाकर्मी के रूप में कार्य कर रहा था। बताया जाता है कि उससे केवल सीढी पकडने का कार्य कराया जाता था। शुक्रवार को वार्ड संख्या सात के मोहल्ला रैदासपुरी में खराब लाइट को सहीं करने के लिए वह पथ प्रकाश विभाग की टीम के साथ गया था। बताया जाता है कि यहां पर एक मकान के छज्जे में स्ट्रीटी लाइट खराब थी। इस लाइट को सहीं करने के लिए हर्ष कुमार को ऊपर चढा दिया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने बिजली विभाग से न तो शटडाउन लिया और न ही उक्त लाइन के तार को हटाया गया। लाइट सहीं करते हुए अचानक छज्जे में करंट आ गया और हर्ष करंट की चपेट में आकर नीचे गिर गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल में उपचार के लिए लेजाया गया। जहां पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर घटना की जनकारी मिलने पर परिवार में कोराम मच गया। परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पथ प्रकाश विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। गुस्साए लोगों ने पथ प्रकाश विभाग में कार्यरत दो लिपिकों पर अति गंभीर आरोप लगाए है। इसके बाद गुस्साए लोगों की वार्ता ईओ पवन कुमार के साथ हुई। पवन कुमार ने मुआवजा दिलाने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी पर रखने का आश्वासन दिया है। उधर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टर के लिए भेज दिया।






