Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण

मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने किया कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण

बिजनौर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

उत्तर प्रदेश के व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद बिजनौर के प्रभारी मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने लखनऊ से सीधे बिजनौर पहुँचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे एवं जनसभा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों के साथ सभी व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया तथा प्रत्येक बिंदु की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, चिकित्सा सुविधाएं, मीडिया प्रबंधन तथा आमजन की सुविधाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध, सुव्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप प्रत्येक व्यवस्था उच्च गुणवत्ता की हो तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही की कोई गुंजाइश न रहे।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा जनपद बिजनौर के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास कर जनपद को नई विकास गति प्रदान करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, प्रत्येक व्यवस्था का बार-बार परीक्षण किया जाए तथा कार्यक्रम को पूर्णतः सुरक्षित, व्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाए।

प्रभारी मंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासनिक टीम की सजगता एवं समन्वित प्रयासों से मुख्यमंत्री जी का प्रस्तावित कार्यक्रम पूर्ण सफलता के साथ संपन्न होगा तथा यह दौरा जनपद के विकास और जनकल्याण की दिशा में एक नया अध्याय स्थापित करेगा।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र चौहान बॉबी, मंडल अध्यक्ष अंकुर गौतम ,पूर्व सांसद राजा भारतेंदु सिंह ऐश्वर्या मौसम चौधरी, सी पी सिंह आदि गणमान्य मौजूद रहे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल