Home » Uncategorized » सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण

सीएमओ ने किया मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का निरीक्षण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

जनपद मुजफ्फरनगर में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेलों का आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया द्वारा निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को दी जा रही सुविधाओं, दवा वितरण व्यवस्था तथा साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा आज नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खालापार, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कृष्णापुरी, नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सरवट तथा नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रामपुरी का निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य मेलों में आने वाले मरीजों से संवाद कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए जाने के निर्देश दिए।

डॉ. सुनील तेवतिया ने कहा कि मुख्यमंत्री आरोग्य स्वास्थ्य मेले शासन की महत्वपूर्ण जनहितकारी योजना है, जिसके माध्यम से आमजन को उनके निकट ही बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक मरीज का समय से परीक्षण कर आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा किसी भी मरीज को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी व्यवस्था, टीकाकरण सेवाएं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण गतिविधियों तथा आयुष्मान भारत योजना सहित विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। साथ ही स्वास्थ्य केंद्रों पर साफ-सफाई बनाए रखने, अभिलेखों के उचित रखरखाव एवं मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने के निर्देश भी दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने संबंधित चिकित्सा अधिकारियों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करने तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल