मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज


जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा द्वारा भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना प्रगणकों एवं जनगणना सुपरवाइजरों को उनकी जिम्मेदारियों एवं कार्यप्रणाली के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की जा रही है।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, प्रशिक्षण सामग्री तथा प्रतिभागियों की सहभागिता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण दे रहे अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को जनगणना प्रक्रिया के प्रत्येक बिंदु की स्पष्ट एवं व्यवहारिक जानकारी दी जाए, जिससे गणना कार्य में किसी प्रकार की त्रुटि की संभावना न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन दिवसीय है तथा जनपद की चारों तहसीलों के लिए विभिन्न केंद्रों का निर्धारण कर आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में सदर तहसील का प्रशिक्षण कार्यक्रम एसडी पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर आयोजित किया गया, जिसका जिलाधिकारी महोदय एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व)/जिला जनगणना अधिकारी गजेंद्र कुमार द्वारा निरीक्षण किया गया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण द्विवेदी भी उपस्थित रहे।
इसी क्रम में एसडी पब्लिक स्कूल, जानसठ रोड में तहसील खतौली के प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण द्वारा निरीक्षण किया गया, जिस दौरान उपजिलाधिकारी खतौली ललित मिश्रा एवं तहसीलदार खतौली उपस्थित रहे।
जनपद के अन्य प्रशिक्षण केंद्रों पर भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। माउंट लिटेरा जी स्कूल में सिटी मजिस्ट्रेट श्री पंकज प्रकाश राठौर द्वारा निरीक्षण किया गया। वहीं जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में तहसीलदार जानसठ सुश्री श्रद्धा गुप्ता द्वारा प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान जनगणना निदेशालय से गौरव गुंजन, संबंधित विभागीय अधिकारीगण एवं प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।






