मुज़फ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

आगामी 2 अप्रैल मे “बालाजी जन्मोत्सव” के अवसर पर निकलने वाली देश की सबसे बड़ी एवं भव्य शोभायात्रा की तैयारियों को लेकर आज बालाजी मंदिर परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक मे माननीय मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने मंदिर समिति के संरक्षक भीम सैन कंसल, पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ सिटी मजिस्ट्रेट, एक्शन विद्युत, नगर पालिका स्वास्थ्य अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को बुलाकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

मंत्री कपिल देव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने पूरे यात्रा मार्ग पर विशेष साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा सुविधा एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन एवं भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना बनाकर उसे सख्ती से लागू करने को कहा।
इस दौरान मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि बालाजी जन्मोत्सव की यह शोभायात्रा हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपरा का एक भव्य स्वरूप है, जिसमें लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। यह प्रशासन की जिम्मेदारी है कि सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित और सुचारू रूप से संचालित हों, ताकि हर श्रद्धालु सुरक्षित एवं श्रद्धापूर्वक इस आयोजन में भाग ले सके।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने मंत्री जी को आश्वस्त किया कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएंगी और आयोजन को सफल एवं भव्य बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी।
इस अवसर पर हरी शंकर तायल, सुनील तायल, कुलदीप कुमार, रजत गोयल मंदिर समिति के पदाधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।





