Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » चेयरपर्सन ने महिलाओं में बढ़ाया आत्मविश्वास, आगे बढ़ाने के लिए किया प्रेरित

चेयरपर्सन ने महिलाओं में बढ़ाया आत्मविश्वास, आगे बढ़ाने के लिए किया प्रेरित

मुजफ्फरनगर। हिंदुस्तान सिटी न्यूज

नवरात्रि सप्ताह के अवसर पर महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता को केंद्र में रखते हुए आयोजित मिशन शक्ति 5.0 का कार्यक्रम जागरूकता और प्रेरणा का सशक्त मंच बनकर उभरा, जहां महिलाओं को न केवल उनके अधिकारों की जानकारी दी गई, बल्कि उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित भी किया गया।


मुजफ्फरनगर में मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत लक्ष्मण विहार स्थित राजवंशी सभा भवन में एक व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन वैश्य अग्रवाल राजवंश सभा और व्यापारियों की आवाज व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने अपनी प्रभावशाली उपस्थिति दर्ज कराते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भरता, जागरूकता और अधिकारों के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। अपने संबोधन में मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आज की महिला केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं निभा रही, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। जागरूक और आत्मनिर्भर महिला ही सशक्त समाज की नींव रखती है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं, शिक्षा और आत्मरक्षा को अपनाएं तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहें। उन्होंने यह भी कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए महिलाओं का सशक्त होना अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए महिलाओं को सुरक्षा कानूनों, अधिकारों और विभिन्न सहायता सेवाओं की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की उत्पीड़न या असुरक्षा की स्थिति में महिलाएं बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें। साथ ही उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने आसपास की अन्य महिलाओं को भी जागरूक करें। इस दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, थाना प्रभारी बृजेश शर्मा और महिला थाना प्रभारी संगीता डागर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों ने महिलाओं से संवाद करते हुए उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान के प्रति भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता अनीता राजवंशी और राजेंद्र प्रसाद गर्ग ने की, जबकि संचालन शलभ गुप्ता और गुंजन गर्ग द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं ने इस पहल की सराहना करते हुए आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया और ऐसे कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल