मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

बारिश के बाद हुए जलभराव से आक्रोशित जनता के गुस्से के बाद जिला प्रशासन जागा है। शहर के ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए डीएम उमेश मिश्रा ने नगर पालिका ईओ से प्लान मांगा है। उन्होंने अंतर विभागीय टीम का गठन करते हुए पालिका ईओ से समन्वय बनाकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करते हुए 48 घंटे में प्रस्तुत करने के सख्त निर्देश दिये हैं।
29 व 30 जून को हुई मूसलाधार बारिश से पूरा शहर टापू बन गया। लोगों के घर और दुकानों में पानी भरने से भारी नुकसान हुआ। मोहल्ला रामलीला टिल्ला और हनुमानपुरी के गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए सड़क पर जाम लगा दिया था। इन सब घटना के बाद जिला प्रशासन ड्रेनेज सिस्टम को सुधारने के लिए जागा है। डीएम उमेश मिश्रा ने ईओ पालिका डॉ. प्रज्ञा सिंह को निर्देश दिये कि वो शहरी जल निकासी की समस्या को समझने के लिए एक अंतर विभागीय कमेटी का गठन कर रहे हैं। जिसमें नगर पालिका के साथ ही एमडीए, जल निगम, सीएनडीएस जल निगम नागर इकाई, लोक निर्माण विभाग के तकनीकी अधिकारियों के साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी को भी शामिल किया जा रहा है। इस अंतर विभागीय कमेटी के साथ वो समन्वय बनाकर मीटिंग करते हुए जल निकासी में बन रही बाधाओं को चिन्हित करते हुए एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उनको उपलब्ध करायें। इसमें कोई भी लापरवाही न बरतें। डीएम ने नाला और नालियों के ऊपर हुए अतिक्रमण हटाने के नगर मजिस्ट्रेट और सीओ सिटी व पालिका प्रशासन को दिए है। उधर नालियों में गोबर बहाने वाली दूध डेयरियों पर कार्रवाई न करने पर ईओ ने नगर स्वास्थ्य अधिकारी के प्रति नाराजगी जताई है।







