मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शहर में गहराई जलभराव की समस्या को लेकर लोगों का गुस्सा फूटा तो शुक्रवार को राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल और उच्चाधिकारी समाधान के लिए सड़क पर उतर गए। राज्यमंत्री ने कई घंटे सड़क पर बीताए और स्थानीय लोगों की समस्या के समाधान के अधिकारियों को निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अधिकारियों के साथ रामपुरी से लेकर रामलीला टिल्ला तीन किलोमीटर पैदल नाला और सीवर का निरीक्षण किया। नाला गंदगी से भरा हुआ मिला। वहीं सीवर का ढक्कन खोलकर देखा गया तो वह भी गंदगी से अटा हुआ मिला। मंत्री ने सभी अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। वहीं तत्काल प्रभाव से सफाई कराने के निर्देश दिए।
मूसलाधार बारिश ने नगर पालिका के सफाई को लेकर सभी कार्यों की पोल को खोल दिया। बारिश के पानी की 82 नालों से निकासी नहीं हो पायी। गंदा पानी लोगों के घर और दुकानों में भरा रहा। इस दौरान व्यापारियों को भारी नुकसान का सामना करना पडा। मोहल्ला रामलीला टिल्ला और हनुमानपुरी के गुस्साए लोगों ने इस मामले को लेकर सड़क पर जाम और जमकर हंगामा किया। इसके बार जनप्रतिनिधि और जिला प्रशासन हरकत में आया। शुक्रवार की सुबह राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, एडीएम प्रशासन संजय सिंह, ईओ डा. प्रज्ञा सिंह, जल निगम एक्सईएन, सीएनडीएस के अधिकारियों के साथ नाला सफाई का निरीक्षण किया। मंत्री कपिल देव रामपुरी से लद्दावाला, गणेशपुरी, मिमलाना रोड, रामलीला टीला तक पहंुचे और गली गली नालों तथा सीवर लाइन का निरीक्षण करते हुए उनके नक्शों और डीपीआर को भी मौके पर ही तलब करते हुए समस्या को समझने का प्रयास किया। नागरिकों ने मंत्री को नालों की बदहाली दिखाई और बंद सीवर भी ढक्कन खोलकर दिखाये, जिनसे पानी ओवर फलो हो रहा था। मंत्री से सफाई के सख्त निर्देश दिए है। वहीं जल निकासी में बनी बाधा को लेकर पालिका, जल निगम और प्रशासन से रिपोर्ट मांगी है। वहीं ईओ डा. प्रज्ञा सिंह ने ठेकेदार को फटकार लगाते हुए दोबारा से नालों की सफाई करने के निर्देश दिए है। उधर मोहल्ला रामलीला टिल्ला पर नगर पालिका ने जेसीबी मशीन से नाले की सफाई कराई है।







