Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » पल्स पैथोलॉजी एंड एक्स-रे में एक्स-रे रेडिएशन का पंजीकरण नहीं मिला, एक्स-रे यूनिट सील

पल्स पैथोलॉजी एंड एक्स-रे में एक्स-रे रेडिएशन का पंजीकरण नहीं मिला, एक्स-रे यूनिट सील

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

डीएम उमेश मिश्रा के निर्देशन एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवातिया के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मीनाक्षी चौक स्थित पल्स पैथोलॉजी एंड एक्स-रे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण वैध पाया गया, जबकि एक्स-रे रेडिएशन से संबंधित आवश्यक पंजीकरण उपलब्ध नहीं मिला।

निरीक्षण की कार्रवाई उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. महक सिंह एवं उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार द्वारा की गई। टीम ने पैथोलॉजी एवं एक्स-रे सेवाओं से संबंधित आवश्यक अभिलेखों की जांच की। जांच में पैथोलॉजी का पंजीकरण उपलब्ध था, लेकिन एक्स-रे संचालन के लिए आवश्यक रेडिएशन पंजीकरण प्रस्तुत नहीं किया जा सका।

एक्स-रे रेडिएशन का आवश्यक पंजीकरण एवं संबंधित पूर्ण अभिलेख उपलब्ध न होने के कारण स्वास्थ्य विभाग की टीम ने केवल एक्स-रे यूनिट को सील कर दिया। पैथोलॉजी विभाग का पंजीकरण उपलब्ध होने के कारण उसकी सेवाएं प्रभावित नहीं की गई हैं।

संस्थान के संचालक से स्पष्टीकरण तलब करते हुए दो दिन के भीतर एक्स-रे रेडिएशन के पंजीकरण सहित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित अवधि में अभिलेख एवं संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किए जाने पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवातिया ने कहा कि जनपद में संचालित पैथोलॉजी एवं एक्स-रे केंद्रों में आवश्यक पंजीकरण और निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल