मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

रालोद के सामाजिक समरसता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए यूपी सरकार के विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी मंत्री तथा सम्मेलन के संयोजक अनिल कुमार ने कहा कि आज विपक्ष आरक्षण खत्म कर देने का एक भ्रम समाज में फैला रहा है। आरक्षण का लाभ सभी समाज के लोग ले रहे हैं। इनमें एससी, ओबीसी और स्वर्ण भी शामिल हैं, लेकिन मैं ये बात दावे से कह सकता हूं कि भारत ही नहीं दुनिया में ऐसी कोई ताकत नहीं, जो आरक्षण के इस अधिकार से समाज को वंचित कर सके। उन्होंने युवाओं को सरकारी नौकरी के पीछे भागने के बजाये एक लक्ष्य निर्धारित कर अपना रोजगार स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि उनके जन्म के एक दिन बाद उनके पिता की नौकरी सेल्स टैक्स में लगी थी। उस समय समाज में पढ़े लिखे लोग कम हुआ करते थे और नौकरी के अवसर ज्यादा थे, लेकिन अब समय बदल रहा है। समाज में शिक्षा के लिए क्रांति आई है और सरकारी नौकरी के अवसर कम हो रहे है। प्राइवेट सेक्टर में काफी अवसर सामने हैं। ऐसे में स्वरोजगार की अनेक संभावनाएं नई पीढ़ी के सामने हैं। इसके लिए सरकार कौशल विकास पर जोर दे रही है और अनेक आर्थिक सहायता की योजनाएं युवाओं को स्टार्टअप के लिए रास्ता दिखा रही हैं। मंत्री अनिल कुमार ने कहा कि जयंत चौधरी ने शुरूआत से ही किसान कमेरे के साथ साथ वंचितों और शोषित समाज के हितों की चिंता की। सियासी रूप से समाज कमजोर हो गया था। कोई मजबूत ठिकाना नहीं था। कोई सिफारिश करने का स्तर नहीं था, लेकिन जयंत चौधरी ने समाज को सम्मान देकर मुझे मंत्री बनाया और आपके टेलीफोन को ताकत देने का काम किया। मैं मंत्री पद की दौड़ में नहीं था, जो शामिल थे वो बहुत काबिल थे, लेकिन 4 मार्च को जयंत चौधरी का फोन आया और उन्होंने बताया कि 5 मार्च को आप शपथ ले रहे हैं तो मेरी आंखों में आंसू थे और मैं इस उपकार के आगे निःशब्द था, अब समाज का नम्बर है, जयंत के उपकार का कर्ज उतारना है। उन्होंने कहा कि खतौली और मीरापुर उप चुनाव में दलित समाज ने जयंत का भरपूर साथ दिया, वोट दिया और विधायक बनवायें। लोकसभा चुनाव में भी समाज का वोट आरएलडी के साथ रहा। अब 2027 का नम्बर है। मंत्री ने कहा कि ये समाज केवल प्यार का विश्वास का भूखा है। ये समाज दूसरे दल का वोटर है, इसे तोड़ने के लिए अपनत्व देना होगा, इसे अपना बनाने के लिए एनडीए को आरएलडी को धरातल पर उतरना होगा।







