Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » एबीसी व रैबीज टीकाकरण केन्द्र का शुभारंभ, आवारा कुत्तों से मिलेगी निजात

एबीसी व रैबीज टीकाकरण केन्द्र का शुभारंभ, आवारा कुत्तों से मिलेगी निजात

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका प्रशासन के सफल प्रयास से शहर में पशु जन्म नियंत्रण और पशु संरक्षण की दिशा में एक विशेष पहल की गई है। पचेंडा रोड पर एनजीओ जीव दया फाउंडेशन के द्वारा बनाए गए एबीसी और रैबीज टीकाकरण केन्द्र का चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप और भाजपा नेता गौरव स्वरूप के द्वारा फीता काट कर शुभारंभ किया गया है। इस केंद्र के माध्यम से शहरी क्षेत्र में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के साथ उन्हें रेबीज के प्रभाव से बचाने के लिए टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे शहरवासियों को भी आवारा कुत्तों के आंतक से मुक्ती मिलेगी।
शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या के कारण नागरिकों के सामने कुत्तों के हमले और रेबीज संक्त्रमण का खतरा जैसी समस्याएं बनी हुई हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने पशु कल्याण और जनसुरक्षा को साथ लेकर शहर की विशेष पहल शुरू की है। पचेंडा रोड पर एनजीओ जीव दया फाउंडेशन के द्वारा संचालित इस केंद्र के माध्यम से विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की देखरेख में आवारा कुत्तों की नसबंदी और रेबीज टीकाकरण के लिए एक बड़ा अभियान शुरू किया जाएगा। मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या का समाधान मानवीय और वैज्ञानिक तरीके से किया जाना जरूरी है। एबीसी और टीकाकरण केंद्र की शुरुआत से एक ओर पशुओं के अनियंत्रित प्रजनन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी, वहीं दूसरी ओर रेबीज जैसी गंभीर बीमारी के प्रसार को नियंत्रित करने में भी सहयोग मिलेगा। पहले चरण में एबीसी केंद्र की टीम नगर पालिका प्रशासन के साथ समन्वय कर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अभियान चलाएगी। कलेक्ट्रेट, पुलिस लाइन, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, जिला अस्पताल सहित अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को अभियान में शामिल किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से अभियान में सकारात्मक सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यह पहल स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित मुजफ्फरनगर की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, इसमें सभी की सहभागिता जरूरी है। उन्होंने बताया कि मौजूदा केंद्र के साथ-साथ पालिका का अपना एबीसी और शेल्टर सेंटर स्थापित करने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है। स्थायी केंद्र बनने के बाद पशु जन्म नियंत्रण, टीकाकरण और पशुओं की देखभाल से संबंधित व्यवस्थाओं को और व्यापक स्तर पर संचालित किया जा सकेगा। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता विवेक बालियान, गौरव स्वरूप, क्षेत्रीय सभासद पूजा पाल, कपिल पाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनु चौधरी, मुख्य खाद्य एवं सफाई निरीक्षक योगेश कुमार और केंद्र संचालक डॉ. देवेश बालियान आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल