मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

शुक्रवार को डीएम उमेश मिश्रा ने अपने कैम्प कार्यालय के सभागार में सेवा संकल्प अभियान के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की है। उन्होंने 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले अभियान के अंतर्गत प्रस्तावित 13 प्रमुख कार्यक्रमों की योजना वार समीक्षा की है। वहीं अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।
डीएम ने निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों तथा विभिन्न विकास कार्यों से आए सकारात्मक बदलावों की जानकारी व्यवस्थित रूप से संकलित की जाए। कहानी बदलाव की कार्यक्रम के अंतर्गत लाभार्थियों की वास्तविक सफलता की कहानियों, फोटो एवं वीडियो का संकलन कर प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम के अंतर्गत 17 सितंबर को निर्धारित समय पर दीप प्रज्वलन तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करने, 25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत कार्यक्रम में विद्यालय स्तर पर चित्रकला व भाषण प्रतियोगिताओं के आयोजन होगा। नमो सेवा गाथा के अंतर्गत नुक्कड़ नाटकों के प्रभावी मंचन के निर्देश दिए गए। आंगन का उत्सव के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं एवं उत्कृष्ट लाभार्थी माताओं को सम्मानित करने तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया। सेवा मेरा योगदान के अंतर्गत स्वच्छता, वृक्षारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर एवं श्रमदान जैसी गतिविधियों में अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार के अंतर्गत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर पात्र नागरिकों को विभिन्न योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने, सेवा ज्योति यात्रा तथा अन्य कार्यक्रमों में आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के सभी कार्यक्रमों में संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा निर्धारित कार्यक्रमों की तैयारियां समय से पूर्ण कर उनकी प्रगति से अवगत कराएं। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सेवा, सुशासन एवं विकास की भावना को मजबूत करते हुए नागरिकों को ‘विकसित भारत 2047’ के सामूहिक संकल्प से जोड़ना है।







