Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » हंगामे और विरोध के बीच गरजी पालिका की जेसीबी मशीन, ध्वस्त किया अवैध निर्माण

हंगामे और विरोध के बीच गरजी पालिका की जेसीबी मशीन, ध्वस्त किया अवैध निर्माण

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


शहर के मोहल्ला नुमाईश कैम्प की कुटिया वाली गली में अवैध रूप से हुए निर्माण को ध्वस्त कराने पहुंची पालिका की टीम का जमकर विरोध हुआ। गुस्साए लोगों ने हंगामा करते हुए पालिका की टीम का घेराव कर लिया। वहीं जेसीबी मशीन के सामने गाडी को खडा कर दिया गया। गुस्साए लोग पुलिस के सामने भी विरोध करने से पीछे नहीं हटे। बाद में नगर पालिका की टीम ने सख्ती दिखाते हुए सड़क पर हुए अवैध निर्माण लोहे का जाल और टीन शेड को ध्वस्त कराया। वहीं दोबारा से सड़क पर अवैध निर्माण कर मार्ग अवरूद्ध करने पर कार्रवाई की कडी चेतावनी दी गई है।


पिछले दिनों शासन के आईजीआरएस पोर्टल पर नुमाईश कैम्प की कुटिया वाली गली में सड़क पर अवैध रूप से निर्माण कर मार्ग को अवरूद्ध करने की शिकायत दर्ज हुई थी। इस शिकायत में किशनलाल पर सड़क पर लोहे का जाल और टीन शेड लगाकर स्थायी अतिक्रमण करने का आरोप लगाया गया था।

आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज हुई शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश नगर पालिका प्रशासन को दिए गए। गुरुवार को नगर पालिका के एई निर्माण नेपाल सिंह के नेतृत्व में नगर पालिका की टीम पुलिस फोर्स के साथ मौके पर अवैध निर्माण को ध्वस्त कराने के लिए पहुंची। नगर पालिका की कार्रवाई को लेकर उक्त गुस्साए लोगों ने हंगामा कर दिया और टीम का घेराव कर लिया।

उन्होंने जीसीबी मशीन के सामने गाडी को खडा कर दिया। पुलिस ने उक्त लोगों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन उक्त लोग कार्रवाई का विरोध करते रहे।

नगर पालिका की टीम ने विरोध और हंगामे के बीच सड़क पर अवैध रूप से निर्माण हुए लोहे का जाल और टीन शेड को ध्वस्त किया। इस दौरान जेई निर्माण कपिल कुमार, लिपिक शोभित कुमार तथा नगर पालिका का अतिक्रमण हटाओ टीम मौजूद रही।

इन्होंने बताया 
आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत के आधार पर शासन से निर्देश मिलने के बाद कार्रवाई की गई है। किशनलाल ने घर के बाहर ही सड़क पर लोहे का जाल लगाकर टीन शैड लगाया हुआ था। यहां पर उनके द्वारा अपनी कार को खडा करने के लिए पार्किंग बनाई हुई थी। यहीं पर एक जाल बनाकर कुत्तों को भी रखा जा रहा था। इससे मार्ग अवरूद्ध हो रहा था। कार्रवाई करते हुए उक्त अवैध निर्माण को ध्वस्त करा दिया गया है।
नेपाल सिंह, एई निर्माण नगर पालिका

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल