मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

संयुक्ति किसान मोर्चा के आवाहन पर भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में किसानों ने भारत अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में डीएम कार्यालय पर पंचायत की। पंचायत में बिजली, पानी, टूटी सड़क आदि मामलों को लेकर चर्चा की गई। डीएम कार्यालय पर चल रही किसानों की पंचायत में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर पहुंचे। किसानों ने पावर कारपोरेशन के अधिकारियों को बुलाने की मांग की, लेकिन किसानों के बीच में बिजली विभाग के अधिकारी नहीं पहुंच पाए। गुस्साए किसानों ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन नहीं दिया। उन्होंने मौके पर डीएम, एसएसपी और बिजली विभाग के बडे अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। वहीं किसानों की पंचायत धरने में तब्दील हो गई। किसान जिला पंचायत के सभागार में कुर्सी और मेज पर धरने पर बैठ गए। स्थिति बिगडने पर एडीएम वित्त एंव राजस्व समेत कई अधिकारी किसानों के बीच पहुंचे।
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के नेतृत्व में जिला मुख्यालय पहुंचकर डीएम कार्यालय पर पंचायत की। राकेश टिकैत ने कहा कि भारत-अमेरिका ट्रेड डील देश के किसानों के हित में नहीं है और संगठन इसका पुरजोर विरोध कर रहा है। इसे किसानों के साथ देश को काफी नुकसान होगा। उन्होंने हाल ही में निहत्थे बच्चों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। राकेश टिकैत ने कांवड़ यात्रा को लेकर भी अपनी राय रखते हुए कहा कि इस संबंध में स्पष्ट कानून बनाया जाना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि श्रद्धालुओं को हरिद्वार से सीमित मात्रा में गंगाजल लाने की व्यवस्था होनी चाहिए। जिलाध्यक्ष नवीन राठी ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील का विरोध करते हुए इसे किसान विरोधी बताया और सरकार से इस पर पुनर्विचार की मांग की। पंचायत में किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर भी गंभीर आरोप लगाए तथा किसानों की समस्याओं के समाधान की मांग की। दोपहर बाद किसानों की पंचायत में नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर मौके पर पहुंचे। किसानों ने मौके पर बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग की, लेकिन अधिकारी किसानों के बीच नहीं पहुंचे। इस मामले को लेकर किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी और नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन नहीं सौंपा। किसानों की यह पंचायत धरने में बदल गई। किसान जिला पंचायत के सभागार में धरने पर बैठ गए। सभागार में कुर्सियां कम पडने के कारण किसान मेज के ऊपर बैठ गए। उधर जिला प्रशासन में अफरा तफरी मच गई। सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, एडीएम वित्त एंव राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह, नगर मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर, लोक निर्माण एक्सईएन अनिल कुमार, जल निगम एक्सईएन संजय कुमार, सदर तहसीलदार राधेश्याम गौड आदि अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के साथ किसानों की वार्ता चल रही है। किसानों ने बिजली विभाग के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए है।






