मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत पुलिस अधीक्षक नगर, मुजफ्फरनगर द्वारा उत्तराखण्ड–मुजफ्फरनगर बॉर्डर स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट का निरीक्षण कर सुरक्षा व व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सम्बन्धित को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए है।


कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ थाना पुरकाजी क्षेत्र स्थित उत्तराखण्ड–मुजफ्फरनगर बॉर्डर (भूराहेड़ी चेक पोस्ट) का निरीक्षण किया गया। वर्तमान में हरिद्वार से कांवड़ यात्रियों का जनपद में आगमन प्रारंभ हो चुका है, जिसे दृष्टिगत रखते हुए चेक पोस्ट पर सुरक्षा, यातायात एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
भूराहेड़ी चेक पोस्ट राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित जनपद मुजफ्फरनगर का प्रमुख प्रवेश बिंदु है, जहां से कांवड़ यात्रा के दौरान हरिद्वार से आने वाले कांवड़ यात्री जनपद मुजफ्फरनगर की सीमा में प्रवेश करते हैं। इसे दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक नगर द्वारा चेक पोस्ट पर उपलब्ध समस्त संसाधनों एवं सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बॉर्डर पर सघन एवं प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाए। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन अथवा गतिविधि की सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आवश्यक सूचना उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस के साथ निरंतर संपर्क एवं प्रभावी समन्वय स्थापित रखते हुए सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित किया जाए, जिससे कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनी रहे। साथ ही निर्देश दिए गए कि चेक पोस्ट पर तैनात समस्त पुलिस बल पूर्ण सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करे, सीसीटीवी के माध्यम से प्रत्येक गतिविधि पर सतत निगरानी रखी जाए तथा कांवड़ यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं दुर्घटनामुक्त यात्रा उपलब्ध कराने हेतु यातायात व्यवस्था का प्रभावी संचालन एवं आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।





