Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » चेयरपर्सन के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए 200 पौधे

चेयरपर्सन के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर लगाए गए 200 पौधे

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज


नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने रविवार को एक वृक्ष माँ के नाम महाअभियान के तहत कमला नेहरू वाटिका (कंपनी बाग) में व्यापक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में करीब 200 पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण, हरित शहर और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्री कपिल देव अग्रवाल, प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी एक-एक पौधा मां के नाम लगाकर अभियान को जन आंदोलन बनाने का संकल्प लिया। कमला नेहरू वाटिका में अतिथियों ने आम जनमानस के साथ मिलकर एक पेड़ मां के नाम लगाकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया। चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाया जा रहा ‘एक वृक्ष माँ के नाम’ अभियान केवल पौधे लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति संरक्षण, मातृ सम्मान और आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार माँ जीवन देती है, उसी प्रकार वृक्ष भी जीवन का आधार हैं। प्रत्येक नागरिक को अपनी माँ के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प लेना चाहिए। चेयरपर्सन की कार्ययोजना के अनुसार शहर के 27 स्थानों पर लक्ष्य आधारित 11732 पेड़ लगाने के लिए अधिशासी अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में कई टीमें गठित की गईं। जबकि अभियान की निगरानी नगर स्वास्थ्य अधिकारी एवं वाटिका प्रभारी डॉ. अन्नू चौधरी ने की। वृक्षारोपण अभियान के तहत कंपनी बाग, भोपा रोड, मेरठ रोड, एटूजेड रोड, संधावली एवं किदवईनगर एसटीपी, जनकपुरी श्मशान घाट, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, शांतिनगर, सुभाषनगर, कूकड़ा, नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज, गहरा बाग मिलिट्री लैंड सहित शहर के कुल 27 प्रमुख स्थलों पर पौधारोपण की व्यवस्था की गई। इस दौरान राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, सभासद सुरेन्द्र सिंह, ललित कुमार, मौहम्मद सलीम, शाहिद आलम, ईओ पवन कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नु चौधरी, सीएसएफआई योगेश कुमार, आईटी ऑफीसर प्रियेश कुमार, एसबीएम लिपिक रूचि शर्मा, जेएस एनवायरो से प्रोजेक्ट हैड नीतेश चौधरी, अनुज कुमार, वाटिका सुपरवाइजर दुष्यंत चौधरी, मौहम्मद सालिम और दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल