Home » उत्तर प्रदेश » मुजफ्फरनगर » आगामी चुनाव तक बंद हुआ सफाई कर्मचारी संघ का कार्यालय, ईओ के पास पहुंची चाबी

आगामी चुनाव तक बंद हुआ सफाई कर्मचारी संघ का कार्यालय, ईओ के पास पहुंची चाबी

मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

नगर पालिका के सफाई कर्मचारी संघ का चुनाव न होने को लेकर विवाद बढता जा रहा है। इस विवाद पर विराम लगाने के लिए नगर पालिका प्रशासन ने सफाई कर्मचारी संघ के कार्यालय को बंद करा दिया। सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज बिडला ने कार्यालय का ताला लगाकर चाबी नगर पालिका ईओ पवन कुमार को सौंप दी है। ईओ पवन कुमार ने कहा कि चुनाव होने तक सफाई कर्मचारी संघ का कार्यालय बंद रहेगा।


संयुक्त सफाई कर्मचारी संघर्ष मोर्चा के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने पिछले दिनों नगर पालिका में धरना दिया था। इस धरने में पांच मुख्य मांगों को रखा गया था। जिसमें सफाई कर्मचारी संघ का चुनाव कराने की मांग भी की गई थी। ईओ पवन कुमार ने कांवड़ यात्रा सम्पन्न होने के बाद संघ कार्यकारिणी का चुनाव कराये जाने पर विचार करने का आश्वासन दिया था। इसी में मोर्चा के पदाधिकारियों ने चुनाव होने तक टाउनहाल परिसर में स्थित संघ कार्यालय को बंद कराये जाने की मांग की थी। इस पर अमल नहीं होने पर सोमवार को संघर्ष मोर्चा के अध्यक्ष पालेराम, महामंत्री चमनलाल ढिंगान, राजेश उटवाल, राजकुमार बेनीवाल, सोनू मचल, शीलू वाल्मीकि, सागर वाल्मीकि, कपिल पाहीवाल, राजू वेद, नीरज उटवाल, जितेन्द्र मचल सहित अन्य कर्मचारी ईओ पवन कुमार से उनके कार्यालय में पहुंचे। उक्त लोगों ने ईओ को नया ताला मांगा कर दिया और संघ कार्यालय पर ताला लगाने की मांग की। ईओ ने उनको समझाकर शांत किया और सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष नीरज बिडला से फोन पर वार्ता की। ईओ से बात होने पर उन्होंने संघ कार्यालय का ताला लगा दिया और ईओ को चाबी सौंप दी। ईओ ने बताया कि संघ का कार्यालय नवीन कार्यकारिणी के चुनाव होने तक बंद करा दिया गया है। उस पर ताला लगाया गया है और चाबी भी उनके कब्जे में आ गई है। वहीं संघ अध्यक्ष नीरज बिडला ने कहा कि ईओ द्वारा किये गये आग्रह का सम्मान रखते हुए हमने कार्यालय पर ताला लगाकर चाबी ईओ को उनके कार्यालय में सौंप दी है। ये कार्य हमने किसी मोर्चा के प्रदर्शन के दबाव में नहीं किया है, ये समाजहित में निर्णय लिया गया है ताकि समाज में अनावश्यक रूप से टकराव पैदा न होने पाये।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

राशिफल