मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

मंगलवार को विकास भवन के सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल की अध्यक्षता में जिला एकीकरण समिति की बैठक हुई। बैठक में कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी की विस्तार से जानकारी दी गई।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष ने सभी से जनपद में राष्ट्रीय एकता व सांप्रदायिक सद्भाव की भावनाओं को सुदृढ़ करने की अपील की। उन्होंने कहा कि हम सभी को बिना किसी भेदभाव के आपसी भाईचारे के साथ रहना चाहिए। एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करना और असहाय लोगों की मदद करना ही एकीकरण समिति का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने सम्मानित सदस्यों से आह्वान किया कि वे अपने-अपने मोहल्लों तथा गांवों में बैठकें आयोजित कर लोगों को राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक करें। जिससे जनपद में हमेशा अमन-चैन कायम रहे। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्य असहाय व्यक्तियों की मदद करें और पात्र लोगों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर उन्हें लाभान्वित कराने में सहयोग करें। उन्होंने सभी सम्मानित सदस्यों से एकीकरण समिति में अधिक से अधिक लोगों को जोड़कर ‘अनेकता में एकता’ की भावना को जागृत करने की बात कही। साथ ही, उन्होंने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि एकीकरण समिति का एक आधिकारिक ग्रुप बनाया जाए, जिससे सम्मानित सदस्यों के बीच सूचनाओं का सुचारू रूप से आदान-प्रदान हो सके। बैठक में बीना शर्मा, शालू सैनी, शहर काजी तनवीर आलम, होती लाल शर्मा, हरिलाल कौशिक, ब्रह्मा चौहान, अशोक गुप्ता और कंचन आर्य सहित एकीकरण समिति के सभी सम्मानित सदस्यों ने अपने-अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे।






