मुजफ्फरनगर। हिन्दुस्तान सिटी न्यूज

सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देश भूषण ने विकास भवन का निरीक्षण किया तो विभिन्न विभाग के अधिकारी और कर्मचारियों में हडकम्प मच गया। सभी अधिकारी और कर्मचारी आनन फानन में अपने-अपने दफ्तर में पहुंच गए। निरीक्षण के दौरान सीडीओ को सफाई व्यवस्था खराब मिली है। वहीं चार कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए है। अनुपस्थित कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।


मंगलवार की सुबह सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देश भूषण ने अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति को चेक करने के लिए विकास भवन का निरीक्षण किया। सीडीओ ने विकास विभाग, डीआरडीए, एनआरएलएम, मेनरेगा, जिला समाज कल्याण विभाग, जिला पिछडा विभाग, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, लघु सिंचाई विभाग, एआर कॉपरेटिव कार्यालय, डीपीआरओ, डीएसटीओ, डूडा, नेडा, भूमि संरक्षण विभाग और जिला अल्पसंख्यक कल्याण विभाग का निरीक्षण किया है। निरीक्षण के दौरान सीडीओ को द्वितीय तल और तीसरे तल पर सफाई खराब मिली है। शौचालय खराब मिले है उनमें पानी की व्यवस्था खराब पायी गई है। विभिन्न कार्यालयों में अलमारियों की व्यवस्था खराब मिली है। पटल पर संबंधित लिपिक की नेम प्लेट नहीं मिली है। सीडीओ ने इसमें सुधार करने के निर्देश दिए है। निरीक्षण के दौरान लघु सिंचाई से मनोज औ सुनिल कुमार अनुपस्थित मिले है। वहीं आरईएस विभाग से अभिषेक पुंडीर और एआर कॉपरेटिव से अभिषेक कुमार अनुपस्थित मिले है। इन चारों कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है।





